श्रेयस अय्यर को एशिया कप और टेस्ट टीम में मिल सकता है मौका, चयन को लेकर आई बड़ी खबर
श्रेयस अय्यर एक बार फिर टीम इंडिया की नीली जर्सी में नजर आ सकते हैं। लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे इस बल्लेबाज को लेकर अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्हें एशिया कप 2025 और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिल सकता है। हेड कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं की नजर अय्यर के अनुभव और हालिया फॉर्म पर है, जो उनके पक्ष में जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार अगस्त के तीसरे या चौथे सप्ताह में टीम इंडिया का चयन होना है। इस दौरान एशिया कप के लिए वनडे और टी20 टीम के साथ-साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट टीम की घोषणा भी की जाएगी। माना जा रहा है कि श्रेयस अय्यर दोनों ही फॉर्मेट में अपनी जगह बना सकते हैं। फिलहाल उनका चयन वेस्ट जोन टीम में हो चुका है और वे 28 अगस्त से शुरू हो रही दलीप ट्रॉफी में खेलते दिखेंगे।
श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किए जाने की एक बड़ी वजह उनका अनुभव बताया जा रहा है। भले ही उनकी उम्र महज 30 साल हो, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव रखते हैं। विशेषकर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका शानदार प्रदर्शन मिडिल ऑर्डर में टीम इंडिया की जरूरतों को पूरा कर सकता है। यही कारण है कि उन्हें भारत में होने वाली साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भी उपयुक्त माना जा रहा है।
श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में भी शानदार प्रदर्शन किया था। पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 175 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे और उनकी औसत 50 से अधिक रही थी। उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची, हालांकि खिताबी मुकाबले में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, उनका प्रदर्शन चयनकर्ताओं की नजर में उन्हें मजबूती से स्थापित करता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम चयन के समय चयनकर्ता अय्यर पर भरोसा जताते हैं या नहीं। लेकिन जिस तरह से संकेत मिल रहे हैं, उससे यही लगता है कि श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया में वापसी लगभग तय है और जल्द ही उन्हें एक बार फिर नीली जर्सी में देखने का मौका मिल सकता है।
Share this content:
