May 1, 2026

महिला अधिकारी से यौन शोषण का मामला: मथुरा के डिप्टी कमिश्नर कमलेश कुमार पांडेय समेत सात अधिकारी सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के मथुरा में महिला अधिकारी के साथ यौन शोषण के गंभीर आरोपों के बाद राज्य कर विभाग में तैनात डिप्टी कमिश्नर कमलेश कुमार पांडेय समेत सात अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। शासन ने मंगलवार देर रात यह कार्रवाई की, जिसमें बाकी छह अधिकारी आंतरिक परिवाद समिति (विशाखा समिति) के सदस्य हैं। इन पर आरोपी अधिकारी को बचाने का आरोप है।

 

डिप्टी कमिश्नर कमलेश कुमार पांडेय पर अधीनस्थ महिला अधिकारी ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने शिकायत में कहा कि कई बार उनके साथ अनैतिक व्यवहार किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपों को सही पाया गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और बांदा कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

 

विशाखा समिति की जांच में लापरवाही सामने आने के बाद उसके छह सदस्यों को भी निलंबित कर दिया गया। इनमें सहायक आयुक्त कोमल छाबड़ा, उपायुक्त प्रतिभा, सहायक आयुक्त पूजा गौतम, उपायुक्त संजीव कुमार, राज्य कर अधिकारी सुनीता देवी और उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार शामिल हैं। सभी पर जांच के नाम पर आरोपित अधिकारी को संरक्षण देने का आरोप है।

 

इस पूरे मामले की जांच अब राज्य कर विभाग की विशेष सचिव कृतिका ज्योत्सना को सौंपी गई है। वह पूरे घटनाक्रम की निगरानी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की विस्तार से समीक्षा करेंगी। विभाग ने यह कदम महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर नैतिकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है।

 

यह मामला न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है बल्कि महिला अधिकारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण की गंभीरता पर भी सवाल उठाता है। सरकार ने इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत दिया है कि ऐसे मामलों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!