May 4, 2026

सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, 10 ग्राम गोल्ड के लिए चुकाने होंगे 99,515 रुपये

ग्लोबल स्तर पर तनाव बढ़ने के बीच आज भारतीय कमोडिटी बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बंपर तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू शेयर बाजार जहां गिरावट के साथ खुले, वहीं गोल्ड और सिल्वर को मजबूत सपोर्ट मिला है। आज 10 ग्राम गोल्ड की कीमत 1,750 रुपये की बढ़त के साथ 99,515 रुपये पर पहुंच गई है, जबकि चांदी में 2,000 रुपये से ज्यादा का उछाल देखा गया है।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, आज स्पॉट मार्केट में सोने और चांदी दोनों में मजबूती बनी हुई है। चांदी की कीमतों में 2,088 रुपये की तेजी आई है, जिसके बाद यह 111,504 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है। सोने की कीमत में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों का रुझान भी बढ़ा है।

अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो दिल्ली में आज 24 कैरेट गोल्ड के दाम में 820 रुपये का उछाल देखा गया है और यह 1,02,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी 2,000 रुपये की तेजी के साथ 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है। मुंबई में भी गोल्ड की कीमत 1,02,220 रुपये तक पहुंच गई है और चांदी में लगभग उतनी ही तेजी देखी गई है।

हालांकि, वायदा बाजार की स्थिति थोड़ी अलग है। एमसीएक्स पर 3 अक्टूबर 2025 की डिलीवरी वाला गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 255 रुपये की गिरावट के साथ 100,949 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, सिल्वर का 5 सितंबर 2025 का वायदा कॉन्ट्रैक्ट 44 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 112,196 रुपये पर है।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितता के चलते निवेशक अब सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोना-चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। इस वजह से दोनों धातुओं की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। अगर यह ट्रेंड जारी रहा, तो आने वाले दिनों में दाम और चढ़ सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!