धीरेंद्र शास्त्री पर ‘महिला तस्कर’ की टिप्पणी से मचा बवाल, प्रोफेसर रविकांत पर FIR, बागेश्वर बाबा ने दिया सख्त जवाब

उत्तर प्रदेश की राजनीति और धर्म की दुनिया में उस वक्त हलचल मच गई जब लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रविकांत ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘महिला तस्कर’ कहा। इस बयान के बाद विवाद ने तूल पकड़ा और अब प्रोफेसर के खिलाफ मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में FIR दर्ज कर ली गई है।

पूरा मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है जिसमें एक एम्बुलेंस में कुछ महिलाओं को पकड़ा गया, जो कथित रूप से अपनी पहचान छुपाकर बागेश्वर धाम परिसर में रह रही थीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रोफेसर रविकांत ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘नॉन बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित छोटा भाई धीरेन्द्र शास्त्री धर्म की आड़ में महिला तस्करी कर रहा है।’ उन्होंने इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए यहां तक कहा कि दोषी पाए जाने पर धीरेंद्र शास्त्री को फांसी दी जानी चाहिए।

इस पोस्ट के वायरल होते ही बागेश्वर धाम समिति सक्रिय हो गई। समिति के सदस्य धीरेंद्र कुमार गौर ने छतरपुर के बमीठा थाने में लिखित शिकायत दी और आरोप लगाया कि प्रोफेसर की टिप्पणी ने न सिर्फ बाबा की छवि को ठेस पहुंचाई है, बल्कि करोड़ों सनातन धर्म अनुयायियों की भावनाओं को भी आहत किया है। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर प्रोफेसर रविकांत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत केस दर्ज कर लिया।

विवाद बढ़ने पर बाबा धीरेंद्र शास्त्री खुद सामने आए और सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “हम पर झूठे आरोप लगाने वालों की कमी नहीं है, लेकिन हमने जात-पात के खिलाफ लड़ाई शुरू की है, इसी से कुछ लोग बौखला गए हैं। सनातन धर्म की रक्षा के लिए हम लड़ते रहेंगे। हम झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं।”

उन्होंने आगे कहा, “जब तक हमारे शरीर में प्राण हैं, हम हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान की सेवा करते रहेंगे। यह तो बस शुरुआत है, आगे और भी लोग आएंगे, और न जाने क्या-क्या आरोप लगाएंगे।” बाबा ने यह भी इशारा किया कि नवंबर में होने वाली पदयात्रा को लेकर कुछ लोगों में बेचैनी है, और यही वजह है कि उन्हें बदनाम करने की साजिशें की जा रही हैं।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह विवाद कहां तक पहुंचता है, और क्या यह केवल सोशल मीडिया तक सिमटकर रह जाएगा या फिर कानूनी मोर्चे पर कोई बड़ी कार्रवाई सामने आएगी। फिलहाल बाबा के समर्थक इस विवाद को उनकी छवि खराब करने की ‘सुनियोजित साजिश’ बता रहे हैं, जबकि प्रोफेसर रविकांत के समर्थकों का कहना है कि यह ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ पर हमला है।

Share this content:

About The Author

You may have missed