देवरिया में 9 साल के मासूम की तंत्र-मंत्र के लिए बलि, सगे फूफा समेत चार आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तंत्र-मंत्र के चक्कर में 9 वर्षीय मासूम आरुष की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो सगे फूफा शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी इंद्रजीत गोंड यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है।
मामला भलुअनी थाना क्षेत्र के पटखौली गांव का है, जहां आरुष 16 अप्रैल को अचानक लापता हो गया था। परिवार ने 17 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब काफी समय तक कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट के निर्देश पर जांच तेज हुई और पुलिस ने एक अगस्त को इंद्रजीत के मामा जयप्रकाश गोंड को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि देवी के साए को शांत करने के लिए नरबलि की सलाह दी गई थी।
इसी सलाह पर इंद्रजीत ने अपने साढ़ू रमाशंकर के जरिए आरुष को अगवा कराया। रमाशंकर ने अपने ही साले के बेटे आरुष को बहला-फुसलाकर अगवा किया और एक दिन तक अपने घर में छुपाकर रखा। बाद में बच्चे को अन्य सहयोगियों के जरिए इंद्रजीत तक पहुंचाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई।
एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि घटना में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और विस्तृत पूछताछ जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
