May 4, 2026

बरेली में नेपाली युवती को चोर समझ भीड़ ने पीटा, वीडियो वायरल, 4 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली में भीड़तंत्र की बर्बरता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। नेपाल की रहने वाली एक युवती को महज इस शक में बेरहमी से पीटा गया कि वह चोर है। पीड़िता नेपाली मूल की सुषमा सरू मगर उर्फ काजल है, जो नोएडा में नौकरी छूटने के बाद काम की तलाश में बरेली आई थी। शनिवार देर रात वह अपने परिचित के घर की छत पर फोन पर बात कर रही थी, तभी लोगों ने उसे चोर समझ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।

कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई और लोगों ने बिना सच्चाई जाने उसे पीटना शुरू कर दिया। काजल हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगती रही, लेकिन भीड़ में शामिल युवकों ने डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे लोगों में गुस्सा और हैरानी दोनों है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!