War 2 ने रचा इतिहास, नॉर्थ अमेरिका में रिलीज से पहले ही बनाया नया रिकॉर्ड
ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी स्टारर वॉर 2 ने रिलीज से पहले ही धूम मचा दी है। YRF स्पाई यूनिवर्स की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग के जरिए इतिहास रचते हुए 100,000 डॉलर का आंकड़ा महज सात घंटे में पार कर लिया। यह कारनामा करने वाली यह पहली भारतीय फिल्म बन गई है, जिससे दर्शकों की इस फिल्म को लेकर दीवानगी साफ झलकती है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड जूनियर एनटीआर की ही फिल्म देवरा के नाम था, जिसने 11 घंटे 37 मिनट में यह मुकाम हासिल किया था। वॉर 2 ने न केवल इस रिकॉर्ड को तोड़ा बल्कि YRF के स्पाई यूनिवर्स की ताकत को भी साबित किया, खासकर तब जब फिल्म के प्रमोशन या किसी बड़े इवेंट की शुरुआत भी नहीं हुई है।
फिल्म में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर पहली बार साथ नजर आने वाले हैं। एक्शन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म में दोनों सितारों के बीच जबरदस्त फाइट सीक्वेंस के अलावा एक डांस फेस-ऑफ भी रखा गया है, जिसे लेकर फैन्स बेहद उत्साहित हैं।
इतिहास रच चुकी इस एडवांस बुकिंग के बाद अब फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयां छू सकती है। अब सभी की निगाहें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।
Share this content:
