लॉर्ड्स टेस्ट में अंपायरिंग विवाद: टीम इंडिया ने ICC से की शिकायत, कहा– 30 ओवर पुरानी गेंद थमाई गई
लॉर्ड्स टेस्ट मैच में गेंद बदलने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान टीम इंडिया ने अंपायर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय टीम का दावा है कि जब गेंद बदली गई तो अंपायरों ने उन्हें 10 ओवर पुरानी गेंद के बजाय 30 ओवर पुरानी गेंद दे दी, जिससे मैच का पूरा रुख बदल गया। इस मामले में अब भारत ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
टीम इंडिया के मुताबिक, मैच के दौरान 10 ओवर बाद गेंद की जांच की गई थी क्योंकि गेंद का आकार बिगड़ गया था। जांच में वह गेंद अंपायर की रिंग से नहीं गुजर पाई। नियमों के अनुसार, ऐसी स्थिति में टीम को उसी ओवर के आसपास की नई गेंद दी जानी चाहिए थी, लेकिन अंपायरों ने करीब 30-35 ओवर पुरानी गेंद भारतीय टीम को सौंप दी। इस गेंद से गेंदबाजों को स्विंग नहीं मिल रही थी और इंग्लैंड ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया।
इस विवाद में कप्तान शुभमन गिल और अंपायर के बीच गर्मागर्म बहस भी हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय खेमे ने बताया कि गेंद बदलने के दौरान उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि दी गई गेंद कितनी पुरानी है। इतना ही नहीं, जब टीम इंडिया ने एक गेंद को पसंद किया, तो अंपायरों ने कह दिया कि वह गेंद इंग्लैंड की दूसरी नई गेंद के तौर पर पहले ही आरक्षित की जा चुकी है।
भारतीय टीम का कहना है कि गेंद के चयन की प्रक्रिया मैच रेफरी के कमरे में होनी चाहिए, न कि ड्रेसिंग रूम में जहां सिर्फ स्थानीय अंपायर मौजूद होते हैं। उन्होंने मांग की है कि इस नियम में संशोधन किया जाए ताकि भविष्य में किसी टीम के साथ इस तरह की धोखाधड़ी न हो।
गौरतलब है कि लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम का मानना है कि अगर सही गेंद उन्हें दी जाती तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था। ICC इस पूरे मामले की जांच कर रहा है और आने वाले समय में इस पर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
Share this content:
