April 30, 2026

झांसी के गांव में पंचायत की जंग: प्रधान और पूर्व प्रधान के परिवार भिड़े, लात-घूंसे और गालियों से मचा बवाल

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पंचायत चुनावी रंजिश एक बार फिर खुलकर सामने आई, जब मोंठ थाना क्षेत्र के पाड़री गांव में मंगलवार रात प्रधान और पूर्व प्रधान के परिजन आमने-सामने भिड़ गए। मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। गालियों की बौछार और धमकियों ने पूरे गांव का माहौल तनावपूर्ण बना दिया।

घटना के वायरल वीडियो ने गांव की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। बताया जा रहा है कि मौजूदा प्रधान अजय राजपूत जब अपने बेटे के साथ चिरगांव से लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी मिली, जो पूर्व प्रधान हरपाल श्रीवास के परिजनों की बताई जा रही है। ट्रैक्टर हटाने की बात पर बहस हुई और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े।

अजय राजपूत ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं दूसरी ओर हरपाल श्रीवास का आरोप है कि उनके परिजन ट्रैक्टर से खाद की बोरियां उतार रहे थे तभी प्रधान पक्ष आ धमका और हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है, जिसे अब पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।

इस झड़प में दोनों पक्षों के छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि अधिकांश को सामान्य चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची मोंठ थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायतें प्राप्त कर ली हैं और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

कोतवाली प्रभारी अखिलेश द्विवेदी ने कहा है कि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति है लेकिन पुलिस की निगरानी बनी हुई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!