अहमदाबाद: स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर 10वीं की छात्रा ने दी जान, CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना नवरंगपुरा क्षेत्र स्थित सोम ललित स्कूल की है, जो गुरुवार दोपहर को लंच ब्रेक के दौरान हुई। छात्रा की यह हरकत स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे अब पुलिस जांच में इस्तेमाल कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, छात्रा दोपहर करीब 12:30 बजे बालकनी में चाबी का छल्ला घुमाते हुए टहल रही थी। तभी अचानक वह रेलिंग के पास आई और बिना झिझक छलांग लगा दी। छात्रा की कुछ सहेलियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहीं। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई थी, उसके सिर पर गहरी चोट और हाथ-पैर की हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ।
घटना के बाद छात्रा को तत्काल निधि अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। बाद में उसे थलतेज के एक अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने बताया कि छात्रा आत्महत्या क्यों करना चाहती थी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है और जांच जारी है।
पुलिस ने इस मामले में मेडिको-लीगल केस दर्ज कर लिया है। स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों और कुछ छात्रों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। प्रारंभिक जांच में किसी साजिश या गड़बड़ी का संकेत नहीं मिला है, लेकिन सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। छात्रा पिछले पांच सालों से उसी स्कूल में पढ़ रही थी और हाल ही में एक महीने की छुट्टी के बाद वापस लौटी थी। उसने स्कूल में मेडिकल सर्टिफिकेट भी जमा कराया था।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं और छात्रा के सहपाठियों में भी भय का माहौल है। स्कूल प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं, ताकि छात्रा के इस कदम के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
Share this content:
