April 18, 2026

अलीगढ़ में खुदाई के दौरान मिला ‘सोने का खजाना’, इलाके में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से शुक्रवार को एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन से पुराने सोने के सिक्के मिले। यह घटना क्वार्सी थाना क्षेत्र के बरहेती गांव की है। मजदूरों को जैसे ही ये सिक्के हाथ लगे, वे दंग रह गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। यह खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने सिक्कों को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मजदूरों को खुदाई के दौरान 11 पुराने सोने के सिक्के मिले हैं। इन सिक्कों की चमक और बनावट को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये कई साल पुराने हो सकते हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग खुद यह देखने पहुंचे कि वाकई जमीन से क्या निकला है। पुलिस ने सभी सिक्के कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए पुरातत्व विभाग को सौंपने की बात कही है।

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के दौरान केवल 11 सिक्के ही नहीं, बल्कि और भी कई बेशकीमती चीजें मिली थीं, जिन्हें कुछ लोग चुपचाप अपने साथ ले गए। इस पर पुलिस ने स्पष्ट रूप से अपील की है कि अगर किसी के पास खुदाई में मिली कोई भी वस्तु हो तो वह उसे प्रशासन को सौंप दे, क्योंकि ये चीजें राष्ट्रीय धरोहर हो सकती हैं।

इससे मिलती-जुलती एक और घटना मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में भी सामने आई थी, जहां एक किसान को बकरियां चराते समय खेत में खुदाई के दौरान एक हंडा (मिट्टी का बर्तन) मिला था, जिसमें प्राचीन मुद्राएं और एक घंटी रखी थी। हालांकि, डर के चलते उसने वह हंडा एक कबाड़ी को दे दिया, जिसने उसे चुपचाप छिपा लिया। बाद में जब पूरे गांव को इसकी भनक लगी, तो पुलिस ने मुद्राएं बरामद कर पुरातत्व विभाग से संपर्क किया।

अलीगढ़ के इस मामले में भी आगे की जांच पुरातत्व विभाग करेगा, जिससे यह पता चल सके कि ये सिक्के किस युग के हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है। फिलहाल, यह मामला पूरे इलाके में कौतूहल का विषय बना हुआ है और प्रशासन भी इसे गंभीरता से ले रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!