May 5, 2026

बजट से 6 गुना कमाई कर ‘सैयारा’ ने की 200 करोड़ क्लब में एंट्री, अहान-अनीत की जोड़ी बनी सुपरहिट

अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। रिलीज के महज सात दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है, जिससे यह 200 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि यह कमाई फिल्म के बजट से छह गुना ज्यादा है, जिससे इसे साल की सबसे बड़ी हिट्स में गिना जा रहा है।

निर्देशक मोहित सूरी की इस फिल्म को दर्शकों से बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है। प्रेम कहानी पर आधारित इस फिल्म ने सिर्फ स्टोरीलाइन ही नहीं, बल्कि एक्टिंग और म्यूजिक के जरिए भी दर्शकों को बांधे रखा। भारत में ही फिल्म ने अब तक 170 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसकी सफलता को और मजबूत करता है।

फिल्म ‘सैयारा’ ने सात दिन में कुल 7 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। पहले दिन की 21.5 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह किसी डेब्यू स्टारकास्ट वाली फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग बन गई है, जिससे पहले यह रिकॉर्ड ‘धड़क’ के नाम था। इसके अलावा, इसने कबीर सिंह और एक विलेन जैसी फिल्मों की ओपनिंग को भी पीछे छोड़ दिया है।

इस फिल्म ने यह भी साबित किया कि डेब्यू कास्ट के साथ बनी फिल्में भी बड़े बजट और स्टारपावर के बिना भी सुपरहिट हो सकती हैं। ‘सैयारा’ साल 2025 की टॉप 5 कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है और पांचवें दिन यानी मंगलवार को 25 करोड़ रुपये की कमाई कर ऑल टाइम टॉप ट्यूजडे फुटफॉल का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है।

‘सैयारा’ की पैन-इंडिया अपील न होते हुए भी फिल्म ने सिर्फ हिंदी बेल्ट में जबरदस्त कमाई की है। डेब्यू स्टार्स अहान और अनीत की जोड़ी को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी केमिस्ट्री को सराहा जा रहा है। ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुसार, अगर यही रफ्तार रही तो फिल्म जल्द ही 300 करोड़ क्लब में भी पहुंच सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!