May 5, 2026

एलटीटी-सीतापुर एक्सप्रेस की बोगी में टपकने लगा पानी, वायरल वीडियो ने रेलवे की पोल खोली

उत्तर प्रदेश के झांसी रेलवे स्टेशन से गुजर रही लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सीतापुर एक्सप्रेस (12107) के कोच एस-6 में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बोगी की छत से बारिश का पानी गिरने लगा। यात्रियों ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया, और कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोच की छत से पानी ऐसे बह रहा है जैसे कोई झरना फूट पड़ा हो।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बोगी में बैठे यात्री पूरी तरह असहज हो गए हैं। सीटें, फर्श, बैग और यात्रियों के कपड़े तक पूरी तरह भीग चुके हैं। रेल प्रशासन की ओर से कोई तत्काल सहायता नहीं पहुंची, जिससे यात्री खुद ही व्यवस्था संभालते दिखे। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे “इंडियन रेल नहीं, इंडियन वाटर वर्ल्ड” बताते हुए तंज कसा।

इस वॉटरफॉल जैसे नज़ारे से नाराज़ यात्रियों ने सवाल उठाया है कि क्या ट्रेन के अंदर भी अब छाता लेकर चलना पड़ेगा? लोगों का कहना है कि कोच की मरम्मत और देखरेख के अभाव में इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। कई यात्रियों ने लिखा कि रेलवे अधिकारी शायद खुद ही ‘स्लीपर मोड’ में चले गए हैं।

यह पहली बार नहीं है जब ट्रेन के अंदर बारिश का पानी टपकने का मामला सामने आया हो। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में चल रही ट्रेनों से ऐसे ही कई वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन रेलवे की ओर से व्यवस्था सुधारने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

वायरल वीडियो के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया है, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि जब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न हो, क्या तब तक यात्रियों की परेशानियों को अनदेखा किया जाता रहेगा? यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर रेलवे को अब गंभीरता दिखाने की ज़रूरत है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!