‘सैयारा’ से चमके अहान पांडे के सितारे, लेकिन क्या आप जानते हैं – उनके दादा ने किया था भारत का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट!
‘सैयारा’ इन दिनों सिनेमाघरों में छाई हुई है। रिलीज के महज तीन दिन के भीतर ही फिल्म ने 100 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। न तो बड़े सितारे, न भारी बजट – बावजूद इसके फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया। लेकिन जितनी चर्चा फिल्म की हो रही है, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियों में हैं इसके लीड स्टार अहान पांडे।
अहान की एक्टिंग को लोग खूब पसंद कर रहे हैं, और अब उनके निजी जीवन में भी दिलचस्पी बढ़ गई है। कई लोग जानते हैं कि वह चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के कजिन भाई हैं, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि उनके दादा देश के सबसे मशहूर डॉक्टर्स में से एक थे – वो शख्स जिन्होंने भारत में पहली हार्ट ट्रांसप्लांट सर्जरी की थी।
अहान पांडे के दादा डॉ. शरद पांडे न सिर्फ एक शानदार हार्ट सर्जन थे, बल्कि वे उन शुरुआती विशेषज्ञों में से थे जिन्होंने देश में ब्लडलेस ओपन हार्ट सर्जरी की शुरुआत की। उन्होंने कनाडा से मेडिकल में मास्टर डिग्री ली थी और भारत लौटने के बाद मुंबई के KEM अस्पताल और सेठ गोर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज में सेकंड यूनिट चीफ की जिम्मेदारी संभाली। उनका मेडिकल करियर कई दिग्गज हस्तियों के इलाज से भरा रहा।
शरद पांडे को आज भी भारतीय चिकित्सा इतिहास में एक मील का पत्थर माना जाता है। 1934 में जन्मे और 2004 में दुनिया को अलविदा कह चुके इस डॉक्टर ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह प्रेरणादायक है।
अहान की फैमिली के कई सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं – उनके पापा चिक्की पांडे एक बिजनेसमैन हैं, मां डायने पांडे एक फिटनेस एक्सपर्ट हैं, बहन अलाना पांडे और जीजा इवर व्लॉगिंग की दुनिया में पॉपुलर हैं, और खुद अहान अब फिल्मी दुनिया में अपने कदम मजबूती से जमा चुके हैं।
‘सैयारा’ भले ही अहान का डेब्यू हो, लेकिन उनके खून में सिर्फ स्टारडम नहीं, बल्कि इतिहास रचने की काबिलियत भी है – जिसे उन्होंने अपने दादा से विरासत में पाया है।
Share this content:
