May 3, 2026

गाजियाबाद में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार, झूठे वादों के बाद टूटा भरोसा, शादी से मुकरा प्रेमी तो थाने पहुंच गई युवती

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर बनते रिश्तों और झूठे वादों की हकीकत को उजागर करता है। कॉलेज में पढ़ने वाली रीना (बदला हुआ नाम) की फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक मनीष से पहचान हुई। दोनों की बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। मनीष ने रीना को शादी के सपने दिखाए और झूठे वादों के जरिए कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

 

रीना ट्रोनिका सिटी इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है और पढ़ाई के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती है। वहीं मनीष मुरादाबाद का रहने वाला है और उसने खुद को एक कंपनी में नौकरी करने वाला बताया। दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए। मनीष ने रीना से कहा कि वह जल्द ही उससे शादी करेगा और दोनों का भविष्य साथ होगा। रीना को भी उस पर पूरा भरोसा था और उसने यह बात अपने परिवार तक को बता दी थी।

 

लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, मनीष का व्यवहार बदलने लगा। उसने बात करना कम कर दिया और रीना से दूरी बनानी शुरू कर दी। रीना को यह सब कुछ अजीब तो लग रहा था, लेकिन वह चुप रही। उसे लगा कि शायद नौकरी या पारिवारिक तनाव की वजह से मनीष परेशान है। लेकिन एक दिन रीना ने जब सीधे सवाल किया कि क्या वह उससे शादी करेगा, तो मनीष ने साफ कह दिया – “मैं तुमसे शादी नहीं कर सकता। मेरे घरवाले तुम्हें स्वीकार नहीं करेंगे। अब तुम मुझसे कोई संपर्क मत करना।”

 

यह सुनकर रीना के होश उड़ गए। वह अंदर से टूट चुकी थी। अपने साथ हुए छल को लेकर वह चुप बैठने के बजाय न्याय की राह पर निकली। 29 जून को वह सीधे थाने पहुंची और मनीष के खिलाफ केस दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि कैसे मनीष ने उसे शादी का झांसा देकर बार-बार संबंध बनाए और फिर अचानक उसे ठुकरा दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मनीष को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

रीना की इस लड़ाई ने यह साबित कर दिया कि अगर कोई लड़की ठगी जाती है तो उसे चुप नहीं बैठना चाहिए। यह घटना युवाओं के लिए एक सीख है कि भावनाओं से खेलने की एक सीमा होती है और जब वह टूटती है, तो कानूनी कार्रवाई तय होती है। रीना को अब कोर्ट से इंसाफ की उम्मीद है और वह चाहती है कि मनीष को उसके झूठ और धोखे की सजा ज रूर मिले।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!