May 5, 2026

धर्मांतरण के मास्टरमाइंड छांगुर की कोठी पर चला बुलडोजर, प्रशासन की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में मंगलवार सुबह धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर की आलीशान कोठी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। मधुपुर स्थित इस दो मंजिला कोठी को पुलिस और प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में गिराया गया।

सुबह 9 बजे भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी छांगुर के आवास पर पहुंचे। कार्रवाई के लिए बुलडोजर मंगवाए गए, लेकिन मकान का गेट बंद पाया गया। गेट पर ताला लगा होने के कारण पुलिस को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। ताला काटने के बाद टीम अंदर दाखिल हुई और करीब 10:30 बजे विधिवत रूप से ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

घर की बाईं ओर से बुलडोजर ने निर्माण को ध्वस्त करना शुरू किया, जबकि गेट के दाहिनी ओर बनी दो मंजिला इमारत में रह रहे लोगों को पहले बाहर निकलने का निर्देश दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे पूरे परिसर में गिराने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

छांगुर के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने और बड़े पैमाने पर धर्मांतरण की साजिश रचने के आरोप हैं। प्रशासन ने यह कार्रवाई गैरकानूनी ढंग से अर्जित संपत्ति के तहत की है।

मौके पर सीओ उतरौला राघवेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, और यह दृश्य देखने वालों की भीड़ लग गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, “राज्य में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त या ध्वस्त किया जाएगा।”

यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश सरकार धर्मांतरण जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शने के मूड में नहीं है। जांच एजेंसियों की मानें तो छांगुर के खिलाफ और भी कई मामलों की जांच जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!