बेंगलुरु में सड़क पार कर रहे छात्र को बस ने मारी जोरदार टक्कर, सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा
कर्नाटक के बेंगलुरु में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया, जब सड़क पार कर रहा एक छात्र बीएमटीसी की तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। यह घटना बेंगलुरु के आनेकल तालुका स्थित जिगनी क्षेत्र की है, जहां कॉलेज बस पकड़ने की जल्दी में एक 17 वर्षीय छात्र को बस ने टक्कर मार दी। वह छात्र फर्स्ट पीयूसी में पढ़ता है और जैसे ही वह दौड़ता हुआ सड़क पार कर रहा था, तभी हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र जब अपनी कॉलेज बस की ओर जा रहा था, तब उसी दिशा से आ रही बीएमटीसी की बस ने उसे सीधे टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग उसे गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
इस दुर्घटना की भयावह तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि छात्र सड़क पार करने के प्रयास में था और कॉलेज बस सामने खड़ी थी। लेकिन जैसे ही वह पास पहुंचा, बस वहां से निकलने लगी और पीछे से आ रही बीएमटीसी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय नागरिकों ने स्कूल बस और बीएमटीसी बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर न तो सही इंतजाम किए जा रहे हैं और न ही यातायात नियमों का पालन हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलुरु में भी बड़ा बस हादसा, 14 छात्र घायल
इसी दिन, मंगलुरु से लगभग 60 किलोमीटर दूर सूरतकल के पास एक और बस हादसा हुआ जिसमें दो बसों की आमने-सामने की भिड़ंत में 14 छात्रों सहित करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब एक बस चेल्यारु की ओर जा रही थी और दूसरी विपरीत दिशा से गलत लेन में आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के चालक भी घायल हो गए।
इस हादसे में घायल यात्रियों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंगलुरु उत्तर यातायात पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन दोनों हादसों ने एक बार फिर राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Share this content:
