एनिमल की राह पर राजकुमार राव! ‘मालिक’ ट्रेलर के वो 7 सीन, जो रूह तक झकझोर देंगे
राजकुमार राव एक बार फिर अपने अभिनय के सबसे उग्र और रॉ अवतार में लौटे हैं, लेकिन इस बार ‘स्त्री’ वाला ह्यूमर नहीं, बल्कि ‘मालिक’ के नाम पर तबाही लेकर। उनकी नई फिल्म ‘मालिक’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और 2 मिनट 45 सेकंड की इस झलक ने ही दर्शकों को अंदर तक हिला दिया है। फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, और उससे पहले ट्रेलर के कुछ सीन ऐसे हैं जो साल की सबसे खतरनाक परफॉर्मेंस का वादा कर रहे हैं।
1. दमदार एंट्री और मालिक बनने की शुरुआत
पहला सीन राजकुमार राव की जबरदस्त एंट्री के साथ शुरू होता है। बैकग्राउंड में एक तीखा डायलॉग सुनाई देता है– “मजबूर बाप का बेटा हो तुम…” और इसी के साथ बंदूक लिए राजकुमार एक भीड़ भरे कॉरिडोर में नजर आते हैं। कैमरा उनकी पीठ से फोकस करता है, लेकिन उनकी चाल और माहौल ही काफी है यह बताने को कि अब कहानी ‘मालिक’ बनने की है।
2. खून से सना चेहरा, सिर पर सत्ता की सनक
इस सीन में राजकुमार राव का चेहरा खून से लथपथ है, लेकिन उनकी आंखों में सत्ता और बदले की आग है। वो बोलते हैं, “मालिक पैदा नहीं हुए तो क्या? बन तो सकते हैं।” यह संवाद एक साधारण लड़के के भीतर मालिक बनने की आग को दर्शाता है, जो किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
3. जब वर्दी झुकने लगे मालिक के आगे
एक सीन में पुलिसवाला राजकुमार राव के पैर छूता दिखता है। बंदूक लिए जब वो गाड़ी से उतरते हैं, तो सत्ता का अहसास साफ झलकता है। वो कहते हैं– “व्यापारियों का दिल बहलाने के लिए तो बैठे नहीं हैं।” यह सीन सत्ता, डर और दबदबे की परिभाषा को नए सिरे से गढ़ता है।
4. रिश्तों के आगे लालच भारी
पत्नी जब पूछती है कि हमारी खुशी तो ठीक से आई भी नहीं और पता नहीं कब तक रहेगी, तब भी राजकुमार का किरदार नहीं रुकता। उसकी आंखों में डर नहीं, सिर्फ जुनून है। यह सीन बताता है कि जब किसी को सिर्फ मालिक बनना हो, तो वो किस हद तक अपने निजी रिश्तों की बलि चढ़ा सकता है।
5. चुनावी जंग और निजी नुकसान
एक बेहद इमोशनल मोड़ ट्रेलर में तब आता है, जब राजकुमार राव अपने किसी बेहद करीबी को खो देते हैं। यह पत्नी है या पिता, ये तो फिल्म में पता चलेगा, लेकिन यहीं से असली राजनीतिक लड़ाई की शुरुआत होती है। सत्ता की कीमत चुकानी पड़ती है, और ये कीमत भारी है।
6. प्रदेश के इतिहास की सबसे भयानक गोलीबारी
यह सीन ट्रेलर के सबसे विस्फोटक दृश्यों में से एक है। राजकुमार राव अपने साथियों के साथ एक घर पर धावा बोलते हैं और ताबड़तोड़ गोलियां चलती हैं। चारों ओर धमाके ही धमाके हैं। सोशल मीडिया पर दर्शक इस सीन की तुलना ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों से कर रहे हैं, और कह रहे हैं कि राजकुमार अब उस ही रॉ जोन में उतर आए हैं।
7. बदले की आग में जलती फांसी की रस्सियां
ट्रेलर का आखिरी और सबसे जबरदस्त सीन– राजकुमार राव चार लोगों को एकसाथ फांसी पर चढ़ाते नजर आते हैं। आंखों में आंसू हैं, पर चेहरा खून से सना है। यही सीन फिल्म की आत्मा है– बदला, सत्ता, हिंसा और दर्द का मिला-जुला रूप। सवाल यह है कि क्या यह किरदार उन्हें बॉक्स ऑफिस का असली मालिक बना पाएगा?
‘मालिक’ ट्रेलर से साफ है कि यह फिल्म रॉ एक्शन, राजनीतिक पृष्ठभूमि और इमोशनल हिंसा का घातक मिश्रण है। राजकुमार राव ने जिस तरह का अभिनय इसमें दिखाया है, उससे यह कहना गलत नहीं होगा कि वे अब उन एक्टर्स की कतार में खड़े हो चुके हैं जो सिर्फ किरदार नहीं निभाते, बल्कि उन्हें जी जाते हैं।
Share this content:
