खाने में 10% तेल कम करने से मिलते हैं बड़े फायदे, दिल से लेकर पाचन तक होता है फायदा

तेल हमारे भोजन का एक अहम हिस्सा है, लेकिन जब इसका अधिक सेवन किया जाए, तो यह कई बीमारियों को जन्म दे सकता है। विशेषज्ञों की मानें तो अगर हम रोज़ाना के खाने में तेल की मात्रा को सिर्फ 10% भी कम कर दें, तो इसके शरीर पर कई सकारात्मक प्रभाव देखे जा सकते हैं।

आयुर्वेदिक डॉक्टर और डाइट क्लिनिक की पोषण विशेषज्ञ डॉ. अंजना कालिया के अनुसार, 10% तेल घटाने से सबसे पहला असर वजन पर दिखता है। भोजन में अतिरिक्त तेल अनावश्यक कैलोरी जोड़ता है, जिससे मोटापा बढ़ता है और इसके साथ डायबिटीज, हाई बीपी और हार्ट डिजीज जैसी समस्याएं जुड़ जाती हैं। जब आप तेल की मात्रा घटाते हैं, तो रोज़ाना सैकड़ों कैलोरी कम हो सकती हैं, जिससे वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।

सिर्फ वजन ही नहीं, दिल भी मजबूत होता है। खासकर संतृप्त और ट्रांस फैट वाले तेल को कम करने से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) की मात्रा घटती है और अच्छा कोलेस्ट्रॉल (HDL) बढ़ने लगता है। इससे दिल की धमनियां सुरक्षित रहती हैं और ब्लॉकेज व हार्ट अटैक का खतरा कम होता है।

तेल कम करने से पाचन क्रिया भी बेहतर होती है। ज्यादा तला-भुना खाना गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं बढ़ा सकता है। जब आप हल्का और कम तेल वाला भोजन लेते हैं, तो पेट भी हल्का रहता है और पाचन प्रणाली सही से काम करती है। साथ ही त्वचा संबंधी समस्याएं जैसे मुंहासे भी कम हो सकते हैं।

विशेषज्ञ मानते हैं कि खाने में तेल की मात्रा थोड़ा भी घटाने से लंबे समय में डायबिटीज, फैटी लिवर और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। यह एक छोटा लेकिन असरदार बदलाव है, जो संपूर्ण जीवनशैली को हेल्दी बना सकता है। इसलिए, आज से ही थाली में थोड़ा कम तेल लेने की आदत डालना सेहत के लिए एक समझदारी भरा कदम हो सकता है।

Share this content:

About The Author

You may have missed