May 5, 2026

‘सरदार जी 3’ विवाद में बोले गुरु रंधावा – “जेहरे मुल्क दा खाईए, उस दा बुरा नहीं…” दिलजीत पर साधा निशाना!

दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी 3 अब रिलीज़ से पहले ही भारी विवादों में घिर चुकी है। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध तेज है और भारत में इस फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। इसी बीच दिलजीत पर ‘गद्दारी’ के आरोप लगने लगे हैं और #BoycottDiljit सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।

अब इस मुद्दे पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। पहले मीका सिंह ने बिना नाम लिए कटाक्ष किया था और अब सिंगर-अभिनेता गुरु रंधावा ने भी एक क्रिप्टिक लेकिन तीखा पोस्ट शेयर कर सबका ध्यान खींचा है।

क्या बोले गुरु रंधावा?

गुरु रंधावा ने बिना किसी का नाम लिए इंस्टाग्राम पर लिखा:

> “लाख परदेसी होईए, अपना देश नहीं बदला दा… जेहरे मुल्क दा खाईए, उस दा बुरा नहीं मांगी दा… अगर अब आपकी नागरिकता भारतीय नहीं है तो इसका मतलब ये नहीं कि ये बात भूल जाएं कि आप इस मुल्क में जन्में थे। इस देश ने कई बड़े आर्टिस्ट बनाए हैं और हम सबको इस बात का फक्र है। आपको भी होना चाहिए। ये बस एक सलाह है। प्लीज फिर से कोई कंट्रोवर्सी शुरू ना करिएगा और भारतीयों को बहलाइएगा मत। पीआर बिगर देन आर्टिस्ट।”

 

फैंस इसे दिलजीत दोसांझ के खिलाफ एक सीधा इशारा मान रहे हैं। रंधावा के इस पोस्ट ने इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है।

क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, सरदार जी 3 के टीज़र में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी ने लोगों को नाराज़ कर दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग भारत-पाक संबंधों में बढ़ते तनाव से पहले पूरी हो चुकी थी, लेकिन 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ किसी भी तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर रोक लगा दी थी। ऐसे में हानिया की मौजूदगी अब विरोध का कारण बन गई है।

टीम का बचाव, मगर विरोध जारी

फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि यह फिल्म किसी भी देश विरोधी भावना को नहीं दर्शाती और इसे शूट उस समय किया गया था जब ऐसे प्रतिबंध नहीं थे। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर दिलजीत को लेकर गुस्सा कम होता नहीं दिख रहा है।

क्या आगे होंगे और बड़े नाम शामिल?

अब सवाल यह है कि क्या इंडस्ट्री के और बड़े सितारे इस मामले में सामने आएंगे? मीका और गुरु रंधावा के बाद ये मामला और तूल पकड़ सकता है। फिलहाल तो दिलजीत दोसांझ ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन विवाद अब इंडस्ट्री के भीतर भी बहस का मुद्दा बन गया है।

इस विवाद से यह साफ है कि ग्लैमर और देशभक्ति के मुद्दे जब टकराते हैं, तो दर्शकों की भावनाएं भी उफान पर होती हैं। अब देखना है कि दिलजीत इस पूरे विवाद पर कब और कैसे प्रतिक्रिया देते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!