MLC 2025: पंजाब किंग्स से ठुकराया गया बल्लेबाज़ मिचेल ओवन बना हीरो, 17 छक्के उड़ाकर 52 गेंदों में जिताया मैच
जिस खिलाड़ी को IPL 2025 में पंजाब किंग्स ने सिर्फ एक मैच खेलने का मौका देकर बाहर का रास्ता दिखा दिया था, उसी ने अब MLC 2025 (मेजर लीग क्रिकेट) में धमाकेदार वापसी कर ली है। हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ मिचेल ओवन की, जिन्होंने वाशिंगटन फ्रीडम के लिए खेलते हुए 52 गेंदों पर 89 रन ठोक दिए और टीम को 221 रन का विशाल लक्ष्य हासिल करवाकर जीत दिलाई।
प्रीति जिंटा की टीम पंजाब किंग्स ने मिचेल को IPL 2025 में 3 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले ही मैच में बिना रन बनाए आउट होने के बाद उन्हें मौका नहीं मिला। अब उन्होंने अमेरिका की लीग में अपनी असली काबिलियत दिखा दी है।
टेक्सस सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए फाफ डु प्लेसी की टीम ने 220 रन बनाए। जवाब में वाशिंगटन फ्रीडम ने 2 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया, जिसमें सबसे अहम योगदान ओवन की विस्फोटक पारी का रहा।
यही नहीं, मिचेल ओवन 24 घंटे के भीतर लगातार दो मैचों में मैन ऑफ द मैच भी बने। एक दिन पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क के खिलाफ 60 रन की पारी खेली थी और अब 89 रन ठोक दिए।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर ओवन अब MLC 2025 में 245 रनों के साथ दूसरे सबसे बड़े रन स्कोरर हैं, और उनके नाम 17 छक्के भी दर्ज हैं। पहले नंबर पर न्यूज़ीलैंड के फिन एलन हैं।
पंजाब किंग्स के लिए एक मिस्ड अपॉर्च्युनिटी बन चुके मिचेल ओवन अब दुनिया की नजरों में हैं और यह प्रदर्शन उनके करियर को नया मोड़ दे सकता है।
Share this content:
