ऑपरेशन सिंधु: इजराइल से निकाले गए 160 भारतीय, जॉर्डन पहुंचे पहले बैच, स्पेशल फ्लाइट से होगी वापसी
ईरान-इजराइल तनाव के बीच भारत ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालना शुरू कर दिया है। इजराइल में एयरस्पेस बंद होने और वाणिज्यिक उड़ानों के रद्द होने के चलते निकासी चुनौतीपूर्ण हो गई थी, लेकिन बीती रात भारतीय मिशन ने 160 नागरिकों को सुरक्षित जॉर्डन पहुंचा दिया।
निकाले गए भारतीयों को पहले तेल अवीव और हाइफा के तय स्थानों पर एकत्र किया गया, जहां से उन्हें सड़क मार्ग से शेख हुसैन ब्रिज पार कर जॉर्डन लाया गया। अब यह समूह अम्मान एयरपोर्ट से विशेष उड़ान के जरिए नई दिल्ली लाया जाएगा।
भारतीय दूतावास ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन की व्यवस्था की है। निकासी में छोटे बच्चों, महिलाओं और छात्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री खुद इस ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं और विदेश मंत्रालय हालात का रियल टाइम अपडेट ले रहा है।
भारतीय मिशन ने कहा कि इजराइल और जॉर्डन सरकारों ने भरपूर सहयोग किया है। ऑपरेशन सिंधु भारत की विदेश नीति में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का उदाहरण बन गया है।
Share this content:
