April 19, 2026

अभिषेक पाठक की विस्फोटक सेंचुरी से बुंदेलखंड बुल्स ने जबलपुर को 19 रन से हराया

मध्य प्रदेश लीग 2025 के 18वें मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जबलपुर रॉयल लायंस को 19 रन से मात दी। यह बुंदेलखंड की पांच मैचों में दूसरी जीत रही, जिससे उसके चार अंक हो गए हैं। वहीं, जबलपुर को छह मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा और वह अब पांच अंकों पर है। इस हार से जबलपुर के लिए शीर्ष चार में जगह बनाना और कठिन हो गया है।

बुंदेलखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की और निर्धारित ओवरों में 246/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पारी के हीरो रहे अभिषेक पाठक, जिन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में 133 रन की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 15 छक्के जड़े। पाठक ने 14 गेंदों में अर्धशतक और 33 गेंदों में शतक पूरा किया। उनके साथ ओपनर करन ताहिलयानी ने 32 गेंदों पर 45 रन जोड़े, जबकि कप्तान हर्ष गवली ने 22 गेंदों में 38 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। जबलपुर के लिए पंकज पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 31 रन देकर चार विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जबलपुर की शुरुआत खराब रही और उन्होंने मात्र 9 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। 46 रन तक पहुंचते-पहुंचते उनकी शीर्ष क्रम भी ढह चुकी थी। हालांकि, अभिषेक भंडारी ने 15 गेंदों में 33 रन बनाकर थोड़ी उम्मीद जगाई। इसके बाद रितिक टाडा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 30 गेंदों में 75 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 7 छक्के लगाए और मैच को रोमांचक बना दिया।

लेकिन जैसे ही रितिक 15वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए, मैच एक बार फिर बुंदेलखंड की पकड़ में आ गया। जबलपुर की पूरी टीम 227 रन पर सिमट गई। बुंदेलखंड की ओर से ओमकार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 37 रन देकर चार विकेट चटकाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!