हर शनिवार तय होगी रणनीति, हर कार्यकर्ता निभाएगा जिम्मेदारी — सर्वजन हित पार्टी की साप्ताहिक बैठक में कई अहम फैसले
आज दिनांक 21 जून 2025 को सर्वजन हित पार्टी की प्रदेश स्तरीय साप्ताहिक बैठक प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी की सांगठनिक मजबूती और भविष्य की दिशा तय करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश दूबे ने की, जबकि संचालन प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडे ने किया।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, मंडल कार्यकारी सदस्य और जिला स्तरीय तमाम प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जहां नए कार्यकर्ताओं को उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं संगठन के विस्तार, कार्यशैली और नीति-निर्धारण को लेकर ठोस रणनीति बनाई गई।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जमीनी मुद्दों पर अपनी बात खुलकर रखी और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। मुख्य रूप से पाँच निर्णय लिए गए जो आने वाले समय में पार्टी के कार्य को दिशा और धार देने वाले माने जा रहे हैं—
1. साप्ताहिक बैठक का समय और दिन निर्धारित:
अब पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक हर शनिवार शाम 7 बजे नियमित रूप से आयोजित होगी। विशेष रूप से हर महीने के अंतिम सप्ताह में यह बैठक रविवार को सुबह 11 बजे रखी जाएगी, जिससे उस शनिवार की बैठक स्वतः स्थगित मानी जाएगी।
2. प्रकोष्ठों का गठन और पदाधिकारियों की नियुक्ति:
पार्टी जल्द ही विभिन्न प्रकोष्ठों का औपचारिक गठन करेगी और उनके लिए योग्य पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत हो सके।
3. सदस्यता अभियान में तेजी:
सदस्यता अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा और इसे गति देने के लिए प्रदेशभर में छोटी-बड़ी बैठकें आयोजित कर आम जन तक पार्टी की विचारधारा और नीतियाँ पहुँचाई जाएँगी।
4. प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों को मंडल दायित्व:
हर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य को एक-एक मंडल का ‘पलक’ नियुक्त किया जाएगा, जो उस क्षेत्र में नियुक्ति, प्रचार और सदस्यता से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभाएगा।
5. सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क की सक्रियता:
पार्टी के एजेंडे को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संवाद का प्रभावी उपयोग करना होगा। साथ ही, उन्हें दैनिक बैठक आयोजित कर उसकी तस्वीरें पार्टी के सोशल मीडिया पेज पर साझा करनी होंगी।

इस अवसर पर जिन कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देकर ज़िम्मेदारी सौंपी गई, उनमें प्रदेश संयोजक मृत्युंजय चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष पांडे, विवेक दूबे, दिलीप कुमार सिंह, प्रदेश सचिव अरुण दूबे, महेंद्रनाथ श्रीवास्तव, स्पर्श श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह, विधि प्रकोष्ठ सचिव ज्योति प्रकाश तिवारी, प्रचार मंत्री राहुल दीक्षित, मंडल संयोजक महेंद्र सिंह यादव (आजमगढ़) मीडिया प्रभारी आदित्य शुक्ला, कुलदीप शुक्ला (अयोध्या), मंडल उपाध्यक्ष दुर्गेश सोनी (अयोध्या), जिला मंत्री ऋषिकेश तिवारी, जिला सचिव हरिओम शुक्ला (सीतापुर), जिला उपाध्यक्ष दीपक पांडे (लखनऊ), विधानसभा संयोजक मनोज कुमार (सरोजिनी नगर), तथा जिला सह-संयोजक सत्यम दीक्षित प्रमुख रहे। सभी को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक दायित्व सौंपा गया।
सर्वजन हित पार्टी की यह बैठक न केवल एक औपचारिक आयोजन थी, बल्कि यह भविष्य की राजनीतिक दिशा और जनसंपर्क की रणनीति के लिहाज़ से एक मजबूत नींव रखने वाली साबित हुई। पार्टी का उद्देश्य हर कार्यकर्ता को ज़मीनी स्तर पर सक्रिय बनाना और संगठन को जन-जन से जोड़ना है — और यह बैठक उसी दिशा में एक ठोस कदम थी।
Share this content:
