इंदौर: राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया खुलासा, सोनम ने आशिक को दी थी 5 लाख की रकम, पिस्टल खरीदकर रची हत्या की साजिश
राजस्थान से जुड़े बहुचर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह को राजा को गोली मारने के लिए 5 लाख रुपये दिए थे, जिससे राज ने पिस्टल खरीदी थी। हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सोनम पहले दावा कर रही थी कि वह सिर्फ राजा को डराना चाहती थी, लेकिन अब सामने आ रहे तथ्यों से साफ है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से रची गई थी। सोनम ने राजा को मारने के तीन अलग-अलग प्लान बनाए— गोली मारना, खाई में धक्का देना और आखिर में धारदार हथियार से हमला करना। पहले दो प्लान फेल हुए, लेकिन तीसरा सफल रहा।
हत्या के दिन सोनम के साथ आरोपी आनंद कुर्मी, आकाश राजपूत और विशाल चौहान ने राजा पर हमला कर दिया। सोनम घटनास्थल पर मौजूद थी और चिल्लाकर कह रही थी, “मार डालो इसे।” हत्या के बाद सोनम ने राजा का पर्स, चेन और अंगूठी निकाली और साथियों के साथ वहां से भाग गई। राजा की लाश खाई में फेंक दी गई।
घटना के बाद सोनम ने गाजीपुर लौटने तक अपनी लोकेशन छुपाई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट्स ने उसे बेनकाब कर दिया। इंस्टाग्राम पर एक ब्लॉगर द्वारा अपलोड किए गए दो वीडियो अब पुलिस जांच में अहम सबूत बन चुके हैं। एक वीडियो में सोनम राजा से आगे-आगे पहाड़ी पर चढ़ती दिख रही है, और वही टी-शर्ट बाद में घटनास्थल पर मिली।
पुलिस अब सोनम और राजा के चार मोबाइल में से तीन को खोजने में जुटी है, जो हत्या के बाद से गायब हैं। फिलहाल सोनम पुलिस रिमांड पर है और पांचों आरोपियों के खिलाफ जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस केस ने न सिर्फ इंदौर, बल्कि पूरे देश में सनसनी फैला दी है।
Share this content:
