April 30, 2026

इंग्लैंड में रन बरसाने को तैयार टीम इंडिया का बल्लेबाज, काउंटी क्रिकेट में तिलक वर्मा को मिला मौका

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा अब इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाने को तैयार हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने वाले तिलक अब इंग्लिश परिस्थितियों में खुद को फिर से साबित करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। मुंबई इंडियंस के इस बल्लेबाज को इंग्लैंड की हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट टीम ने चार मुकाबलों के लिए साइन किया है।

तिलक 22 जून से शुरू हो रहे काउंटी चैंपियनशिप मैच में एसेक्स के खिलाफ चेम्सफोर्ड में डेब्यू कर सकते हैं। हैम्पशायर की ओर से यह आधिकारिक रूप से पुष्टि की जा चुकी है। वह इस दौरान चार मैचों में हिस्सा लेंगे और अपनी तकनीक को परखने के साथ-साथ भारतीय चयनकर्ताओं को भी प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।

दिलचस्प बात ये है कि इस दौरान तिलक वर्मा को फिर से अपना IPL वाला साथी डेवाल्ड ब्रेविस मिल गया है, जो कभी मुंबई इंडियंस में उनके साथ खेल चुके हैं और अब हैम्पशायर टीम का हिस्सा हैं। ब्रेविस इस IPL सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेले थे। दोनों की दोस्ती और तालमेल का असर काउंटी क्रिकेट में देखने को मिल सकता है।

T20I में शानदार रिकॉर्ड, वनडे में संघर्ष
तिलक वर्मा ने अब तक भारत की ओर से 25 T20I मैचों में 749 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत करीब 50 का रहा है। इसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। हालांकि वनडे क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और 4 मैचों में महज 68 रन ही बना पाए हैं।

IPL 2025 में उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन
IPL 2025 उनके लिए कुछ खास नहीं रहा। 16 मैचों में सिर्फ 343 रन और केवल दो अर्धशतक उनकी फॉर्म पर सवाल खड़े करते हैं। ऐसे में अब इंग्लैंड में उन्हें खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिला है।

हैम्पशायर की उम्मीदें और तिलक की चुनौती
हैम्पशायर क्रिकेट निदेशक जाइल्स व्हाइट ने कहा, “तिलक वर्मा एक रोमांचक युवा बल्लेबाज हैं। हम देखना चाहते हैं कि वो इस गर्मी में हमारे लिए क्या योगदान दे सकते हैं।” अब देखना यह होगा कि भारतीय युवा बल्लेबाज इस चुनौती को कैसे निभाते हैं और इंग्लैंड की धरती पर अपने बल्ले से क्या नया कमाल करते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!