May 5, 2026

लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 180 यात्रियों की सुरक्षित वापसी

दिल्ली से लेह के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। फ्लाइट संख्या 6E 2006 को गुरुवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, जिसमें 180 यात्री सवार थे। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।

विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पायलट ने तुरंत अलर्ट जारी किया और सुरक्षा के मद्देनज़र इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया। हालांकि, अब तक इंडिगो की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तकनीकी समस्या किस प्रकार की थी। एयरलाइन की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब पिछले कुछ दिनों में लगातार फ्लाइट संबंधी घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार को भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6101 में भी टेक-ऑफ से पहले तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी, जिसके बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया था।

इसी सप्ताह मंगलवार को कोच्ची से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट में बम की धमकी के बाद नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी, जिसमें 157 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। वहीं, गोवा से लखनऊ जा रही एक फ्लाइट को टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, हालांकि वहां भी सभी यात्री सुरक्षित रहे।

इन घटनाओं की पृष्ठभूमि में एयरलाइन कंपनियों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों की सतर्कता और पायलटों की त्वरित कार्रवाई की वजह से अब तक बड़ी दुर्घटनाएं टली हैं, लेकिन तकनीकी सुरक्षा जांच को लेकर जवाबदेही बढ़ती जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!