सीने से लगाई पति की तस्वीर, वर्दी में दी अंतिम विदाई… लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान का ये दृश्य देख हर आंख हुई नम
जयपुर में मंगलवार की सुबह जब केदारनाथ हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह चौहान की अंतिम यात्रा निकली, तो माहौल पूरी तरह गमगीन था। लेकिन सबसे ज्यादा भावुक करने वाला दृश्य था उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान का, जिन्होंने सेना की वर्दी पहने हुए पति की तस्वीर को सीने से लगाकर उन्हें अंतिम विदाई दी। ‘राजवीर सिंह अमर रहें’ के नारों के बीच उन्होंने पूरे सम्मान और अद्भुत साहस के साथ अंतिम यात्रा का नेतृत्व किया।
राजस्थान के जयपुर के शास्त्री नगर इलाके में जब तिरंगे में लिपटी शहादत की चादर बाहर रखी गई, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं। सेना के अधिकारियों, परिजनों, पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा में राजस्थान के सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर भी पहुंचे और श्रद्धांजलि देते हुए बोले—”राजवीर बहुत कम उम्र में चले गए। लेकिन दीपिका जैसी माताओं और वीरांगनाओं की वजह से ही भारत आज इतना मजबूत है।”
राजवीर सिंह चौहान वही पायलट थे, जो 15 जून को केदारनाथ से यात्रियों को लेकर लौट रहे बेल-407 हेलिकॉप्टर को उड़ा रहे थे। खराब मौसम और दृश्यता की कमी की वजह से हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई थी। 15 साल भारतीय सेना में सेवा देने के बाद वे पिछले साल अक्टूबर में आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से पायलट के रूप में जुड़े थे।
37 वर्षीय राजवीर सिंह एक अनुभवी सैन्य अधिकारी रहे और उन्हें विभिन्न इलाकों में उड़ान अभियानों का अनुभव था। वे हाल ही में जुड़वा बच्चों के पिता बने थे। उनकी पत्नी दीपिका चौहान खुद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और मातृत्व के साथ-साथ देशसेवा की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।
राजवीर की शहादत पर न सिर्फ जयपुर बल्कि पूरे देश की आंखें नम हैं। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर गहरा शोक जताया है।
राजवीर सिंह चौहान की अंतिम विदाई सिर्फ एक सैनिक को विदा करना नहीं था, बल्कि वो दृश्य था, जो इस देश की असली ताकत—उसकी वर्दी, उसके जज़्बे और उसके बलिदान को दर्शाता है। दीपिका चौहान की आंखों में आंसू तो थे, लेकिन उस वर्दी की गरिमा ने उन्हें एक ऐसी मिसाल बना दिया, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा।
Share this content:
