‘जो निकल सकते हैं, निकल जाएं’ – तेहरान में फंसे भारतीयों के लिए दूतावास की आपात अपील
ईरान और इजराइल के बीच गहराते सैन्य संघर्ष के बीच भारतीय दूतावास ने तेहरान में फंसे भारतीय नागरिकों से तुरंत शहर खाली करने की अपील की है। हालात तेजी से बिगड़ते देख भारतीय दूतावास ने मंगलवार को एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि जो भारतीय नागरिक अपने स्तर पर सुरक्षित स्थानों की ओर जा सकते हैं, वे जल्द से जल्द निकल जाएं।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि जो नागरिक अभी तक दूतावास से संपर्क में नहीं आए हैं, वे तत्काल संपर्क करें और अपनी वर्तमान लोकेशन और फोन नंबर की जानकारी साझा करें। दूतावास ने इसके साथ ही इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं: +989010144557, +989128109115 और +989128109109
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस समय ईरान में 10,765 भारतीय नागरिक मौजूद हैं। इनमें छात्रों की संख्या भी उल्लेखनीय है, जिन्हें पहले ही एंबेसी की मदद से तेहरान से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
एंबेसी की यह एडवाइजरी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने तेहरान को तुरंत खाली करने की सलाह दी थी। ट्रंप के बयान के तुरंत बाद भारत सरकार की सक्रियता बढ़ी और एंबेसी ने यह अलर्ट जारी किया।
उधर, भारत सरकार ने ईरान और इजराइल दोनों देशों में 24×7 कंट्रोल रूम भी स्थापित किए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता देने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इस बीच, युद्ध की स्थिति और भी गंभीर हो गई है। शुक्रवार को शुरू हुए इस संघर्ष के तहत इजराइल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव और हाइफा जैसे शहरों को निशाना बनाया। अब तक की जानकारी के अनुसार, इजराइली हमलों में ईरान के 224 लोग मारे गए हैं और करीब 1,481 घायल हुए हैं, वहीं ईरान के हमलों में इजराइल के 24 नागरिकों की मौत और 600 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है।
अभी तक इस संघर्ष के थमने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया कि अगर अयातुल्ला खामेनेई की सत्ता समाप्त होती है तो यह युद्ध भी खत्म हो सकता है, जबकि ईरान अब तक आक्रामक रुख अपनाए हुए है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।
Share this content:
