भागलपुर: प्रेमिका ने कहा- “मेरे लिए मर के दिखाओ”, युवक ने खा लिया ज़हर, दर्दनाक प्रेम कहानी का दुखद अंत
बिहार के भागलपुर जिले में एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर प्रेमिका की बातों में आकर ज़हर खाकर जान दे दी। मृतक युवक दीपक, बांका के अमरपुर निवासी था और भागलपुर में एक प्राइवेट क्लीनिक में काम करता था। बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह में एक लड़की से मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन कुछ ही दिनों में रिश्ते का ऐसा मोड़ आया कि दीपक ने अपनी जान दे दी।
दीपक के दोस्तों के मुताबिक, लड़की से उसकी मुलाकात 7 मई को एक शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत सोशल मीडिया के ज़रिए शुरू हुई और दीपक ने उस पर करीब 50 हजार रुपये भी खर्च कर डाले। लेकिन धीरे-धीरे लड़की ने बात करना बंद कर दिया। परेशान दीपक ने लगातार उसे मैसेज कर मिन्नतें कीं, लेकिन जबाव में लड़की ने लिखा, “अगर प्यार करते हो तो साबित करो, मेरे लिए मर जाओ।”
इस मैसेज के बाद दीपक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टी होने पर उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मोबाइल की जांच में प्रेमिका के सोशल मीडिया चैट्स से यह जानकारी सामने आई।
फिलहाल मृतक के पिता ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रेमिका के सोशल मीडिया अकाउंट की भी पड़ताल की जा रही है।
Share this content:
