May 3, 2026

राजस्थान: गर्भवती पत्नी ने मांगा पानी, क्रूर पति ने कुएं में दे दिया धक्का, 28 घंटे तक लटकी रही महिला; जिंदा बच निकली

राजस्थान के पाली जिले के मारवाड़ थाना क्षेत्र के बरसा गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय कंचन नाम की महिला, जो 9 माह की गर्भवती है, ने अपने पति से पानी मांगा तो उसने गुस्से में आकर उसे 60 फीट गहरे कुएं में धक्का दे दिया। महिला करीब 28 घंटे तक कुएं में लटकी रही और आखिरकार संयोग से उसकी जान बच गई।

घटना के अनुसार, महिला का एक हाथ कुएं की दीवार में फंस गया जिससे वह पूरी तरह नीचे नहीं गिर पाई और किनारे पर लटकी रही। पति ने कुएं में पत्थर और लकड़ियां भी फेंकी थीं ताकि वह किसी तरह बच न सके। लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मदद के लिए पुकारती रही।

करीब 28 घंटे बाद कुछ ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे तो उन्हें कुएं से आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने झांककर देखा तो महिला को लटका पाया। तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई और रस्सी की मदद से महिला को बाहर निकाला गया। उस वक्त महिला भय और सदमे में थी, और ढंग से बोल भी नहीं पा रही थी।

पुलिस पूछताछ में कंचन ने बताया कि उसका पति पहले से ही दो शादियां कर चुका है। घटना वाले दिन पति उसे जंगल ले गया और अचानक कुएं में धक्का दे दिया। पति ने कहा कि एक पत्नी को वह एक कुएं में रखेगा और दूसरी को दूसरे में, और वह बारी-बारी से उनसे मिलने आता रहेगा।

फिलहाल आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। महिला का इलाज जारी है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और महिला की जीवटता को लोग सलाम कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!