May 6, 2026

गोरखपुर गैंगरेप केस में तीसरा आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस फायरिंग में घायल

गोरखपुर में एक मंदबुद्धि महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म केस ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब फरार चल रहा तीसरा आरोपी एक मुठभेड़ में पकड़ा गया। यह मामला न केवल इंसानियत को झकझोर देने वाला है, बल्कि पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई का उदाहरण भी बन गया है।

घटना गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र की है, जहां गांव के बाहर बने एक मकान में रहने वाली 55 वर्षीय महिला के साथ बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे तीन युवकों ने मिलकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। महिला जब गांव के बाहर नदी की ओर जा रही थी, तभी सोनू उर्फ गप्पा, मोहम्मद रज्जा उर्फ बबलू और शफीक खान उर्फ गोलू ने उसे सुनसान जगह पर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर एक अन्य महिला मौके पर पहुंची, जिसे देख आरोपी भाग निकले। इसके बाद पीड़िता को उसके घर ले जाया गया और परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। गुरुवार को पीड़िता के पति की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

शुक्रवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों – सोनू और रज्जा – को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन तीसरा आरोपी शफीक फरार था। उसकी तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके में दबिश देनी शुरू की और शनिवार देर रात सूचना मिली कि शफीक गांव छोड़कर गौरीगंज की ओर भाग रहा है।

बेलघाट एसओ विकास नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौरीगंज रोड पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया। इस दौरान पुलिस को एक युवक पैदल जाता हुआ दिखा, जो पुलिस को देखकर अचानक फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में एसओ विकास नाथ ने शफीक के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया और मौके पर ही उसे दबोच लिया।

पुलिस ने शफीक के पास से एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे बेलघाट सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस वक्त आरोपी पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती है।

घटना को लेकर गोरखपुर के दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक सुधीर जायसवाल ने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद थी। जैसे ही उसकी लोकेशन मिली, घेराबंदी कर उसे धर दबोचा गया। पूरे मामले की जांच तेज़ी से जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!