May 6, 2026

अहमदाबाद विमान हादसे में बाल-बाल बचा अयोध्या का होनहार छात्र, मेस में खाना खाते वक्त गिरा प्लेन, ICU में भर्ती अक्षत की हालत नाजुक

गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एयर इंडिया के विमान के क्रैश में अब तक 265 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इसी हादसे में अयोध्या के भीखापुर मोहल्ला निवासी होनहार छात्र अक्षत जायसवाल भी बुरी तरह घायल हो गया। अक्षत अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज में MBBS के पहले वर्ष का छात्र है और हादसे के वक्त कॉलेज के मेस में भोजन कर रहा था, जब अचानक वह विमान उसी इमारत पर आ गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक और तेज था कि लोग कुछ समझ भी नहीं पाए। तेज आवाज और धमाके के साथ इमारत का एक हिस्सा ढह गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। छात्र और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अक्षत को इस भीषण हादसे में सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल राहत कार्यों के दौरान निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताया और उसे ICU में भर्ती किया गया।

अक्षत के पिता राजेश जायसवाल को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। अक्षत उनका इकलौता बेटा है, और उसे लेकर परिवार ने बड़े सपने संजोए थे। हादसे की खबर मिलते ही राजेश जायसवाल अपनी पत्नी और अन्य परिजनों के साथ रातोंरात अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। देर रात डॉक्टरों ने अक्षत के पैर का ऑपरेशन किया और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि अभी वह ICU में ही भर्ती है और पूरी निगरानी में रखा गया है।

फिलहाल अक्षत के घर भीखापुर मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है। वहां मौजूद परिवार के लोगों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया और केवल इतना कहा कि अक्षत की हालत पहले से बेहतर है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

यह हादसा केवल एक विमान दुर्घटना नहीं रहा, बल्कि उसने कई परिवारों की ज़िंदगी को हिला कर रख दिया है। अक्षत जैसे कई छात्रों की जान इस हादसे में खतरे में पड़ गई, जो उस समय केवल अपने रोज़मर्रा की दिनचर्या में लगे थे। हादसे के बाद से बीजे मेडिकल कॉलेज में भी डर और दहशत का माहौल है, जहां अब हर कोना हादसे की भयावहता की कहानी सुना रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!