May 4, 2026

“शादी के 12 दिन बाद… हनीमून के नाम पर शिलांग गई एक नई-नवेली दुल्हन, और फिर पति की लाश खाई में मिली… पुलिस के सामने जब वो बैठी, तो उसकी चीखों ने सब कुछ बयां कर दिया…”

राजा रघुवंशी हत्याकांड की यह कहानी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं। 11 मई को मध्यप्रदेश के इंदौर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी से शादी की। किसी को क्या पता था कि शादी के कुछ ही दिनों बाद वही पत्नी पति की मौत की साजिश रच चुकी है। 21 मई को हनीमून के बहाने दोनों मेघालय के शिलांग पहुंचे। और 23 मई को राजा की हत्या हो गई। सोनम लापता हो गई और राजा का शव 2 जून को एक गहरी खाई से बरामद हुआ।

जैसे ही मेघालय पुलिस ने हत्याकांड की जांच शुरू की, केस की परतें एक-एक कर खुलती गईं। इस हत्याकांड में सोनम रघुवंशी ही मास्टरमाइंड निकली। उसने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर – विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत के साथ मिलकर राजा को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई थी। सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि सोनम ने न सिर्फ हत्यारों के लिए ट्रेन टिकट बुक किए, बल्कि खुद राजा के साथ फ्लाइट से शिलांग पहुंची – ताकि हत्या को हनीमून ट्रिप का रूप दिया जा सके।

पुलिस ने जब सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया और फिर मेघालय लाकर एसआईटी के सामने पूछताछ की, तो पहले वो चुप रही। लेकिन जब एसआईटी ने एक-एक कर छह सबूत उसके सामने रखे – तब उसकी हालत बदल गई।

वो छह सबूत जिन्होंने सोनम की चुप्पी तोड़ी:

1. CCTV फुटेज, जिसमें वह हत्यारोपियों के साथ दिखी।

2. राज कुशवाहा से कॉल और चैट्स, जिससे दोनों के रिश्ते और साजिश का खुलासा हुआ।

3. खून से सना रेनकोट और शर्ट, जो हत्या के बाद बरामद किए गए।

4. हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, जो घटनास्थल के पास से मिला।

5. मंगलसूत्र और अंगूठी, जो उसने एक बैग में डालकर होमस्टे में छोड़ दिया था।

6. हनीमून ट्रिप की टिकट बुकिंग, जिसमें सोनम ने हत्यारों के टिकट खुद बुक किए थे।

 

जैसे ही ये सबूत सामने आए, सोनम की आंखों से आंसुओं की धार फूट पड़ी। वह ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी और खुद ही अपने गुनाहों को स्वीकार करती चली गई। उसने बताया कि इस हत्या की प्लानिंग पहले ओंकारेश्वर में की गई थी, जहां राजा को नाव पलटाकर डुबोने की साजिश थी, लेकिन वो नाकाम रही। इसके बाद शिलांग को मर्डर साइट चुना गया।

पुलिस ने जब सोनम और राज कुशवाहा को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की, तो दोनों एक-दूसरे को इस खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड बताते रहे। लेकिन हकीकत ये थी कि ये कत्ल प्रेम, धोखा और लालच का मिला-जुला खेल था।

अब सोनम समेत सभी पांच आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और पूछताछ जारी है। सोनम का प्रेग्नेंसी टेस्ट भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतज़ार है। वहीं, सोनम के भाई गोविंद ने राजा के परिवार से मुलाकात कर माफी मांगी और दोषियों को फांसी देने की मांग की।

इस दिल दहला देने वाली घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह हादसा समाज के लिए एक बड़ा सबक है। जब दो परिवार जुड़ते हैं, तो संबंधों की गहराई को समझना और जांचना जरूरी हो जाता है।

राजा रघुवंशी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी हत्या की ये साजिश लोगों को झकझोर रही है। एक पत्नी जिसने सात फेरे लिए, उसी ने अपने पति को खत्म करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया… और उस ब्लूप्रिंट का हर हिस्सा अब पुलिस के सामने एक-एक कर खुल चुका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!