आज का मौसम 10 जून 2025: दिल्ली-एनसीआर में ‘झुलसा देने वाली’ गर्मी, यूपी-बिहार में हीटवेव का कहर

उत्तर भारत इन दिनों भयानक गर्मी की चपेट में है। राजधानी दिल्ली में सूरज की तपिश लोगों के लिए असहनीय होती जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि बीते दिन दिल्ली में तापमान इतना अधिक महसूस हुआ कि शरीर को 48.9 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी झेलनी पड़ी। रविवार को दर्ज तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। यही नहीं, 12 जून तक इस प्रचंड गर्मी से राहत की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। आईएमडी ने अगले दो दिनों तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और दिनभर धूप के साथ 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाओं की चेतावनी दी है।

उधर, उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं हो रहा। नोएडा, झांसी, लखनऊ समेत 27 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 11 जिलों में रात को भी गर्मी बनी रहेगी। लखनऊ में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है और मौसम विभाग ने 11 जून तक येलो अलर्ट लागू किया है। गाजियाबाद में तो हीटवेव की आधिकारिक घोषणा भी हो चुकी है, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

बिहार में भी ‘हॉट डे’ का असर दिखाई दे रहा है। पटना समेत कई जिलों में भीषण गर्मी के साथ ही हीट स्ट्रोक का खतरा मंडरा रहा है। कुल मिलाकर, उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिन और तापमान ऊफान पर रहने वाला है, जिससे आमजनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed