लखनऊ में मॉडल चाय वाली सिमरन गुप्ता और पुलिस के बीच नोकझोंक, वायरल वीडियो ने मचाया बवाल
लखनऊ में ‘मॉडल चाय वाली’ के नाम से मशहूर सिमरन गुप्ता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है पुलिस से हुई उनकी तीखी बहस, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बीती रात सिमरन की दुकान आधी रात के बाद भी खुली थी, जबकि पहले ही उन्हें चेतावनी दी जा चुकी थी। इसी के चलते मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी ने सख्ती दिखाई और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह सिमरन के कपड़े पकड़कर खींच रही हैं। वहीं, सिमरन लगातार इसका विरोध कर रही हैं और पुलिस की कार्रवाई को अभद्र और अनुचित बता रही हैं।
सिमरन गुप्ता पहले मिस गोरखपुर रह चुकी हैं और उसके बाद उन्होंने मॉडलिंग छोड़कर चाय बेचने को अपना करियर बनाया। उन्होंने ‘मॉडल चाय वाली’ के नाम से पहले गोरखपुर में चाय स्टॉल शुरू किया और फिर राजधानी लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर अपने स्टॉल की शुरुआत की। कुछ ही समय में वह लोगों के बीच चर्चित हो गईं। यहां तक कि उन्होंने एक और दुकान भी खोल ली, जिसे वह खुद ही संचालित करती हैं।
इस घटना के बाद से सिमरन समर्थकों में नाराजगी है और कई लोगों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, प्रशासन का तर्क है कि शहर में नियमों का पालन कराना जरूरी है और दुकान देर रात तक खुली रखने की अनुमति किसी को नहीं है। फिलहाल, यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और वीडियो के चलते यह बहस छिड़ गई है कि क्या पुलिस का यह रवैया उचित था या नहीं।
Share this content:
