क्रिकेट और राजनीति का मेल: आज सगाई के बंधन में बंधेंगे रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की सगाई आज 8 जून को लखनऊ के सेंट्रम होटल में होगी। क्रिकेट और राजनीति की दो हस्तियों के इस मिलन को लेकर खासा उत्साह है। समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव समेत कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी शामिल हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, रिंग सेरेमनी दोपहर 1 बजे के आसपास आयोजित होगी।
कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज मछलीशहर (उत्तर प्रदेश) से सांसद हैं। उनका जन्म 1998 में वाराणसी में हुआ था। स्कूली पढ़ाई नई दिल्ली से करने के बाद उन्होंने एलएलबी की डिग्री हासिल की। लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बी.पी. सरोज को 35,850 वोटों से हराकर संसद में अपनी जगह बनाई। उनके पिता तूफानी सरोज भी पूर्व सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकात से विधायक हैं।
रिंकू सिंह की क्रिकेट जर्नी
रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ में हुआ था। उन्होंने बेहद साधारण परिवार से उठकर क्रिकेट में बड़ी पहचान बनाई है। खासकर आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए एक मैच में उन्होंने यश दयाल के एक ओवर में पांच छक्के जड़कर केकेआर को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इसके बाद रिंकू को भारतीय टीम में जगह मिली।
उन्होंने 2023 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया और अब तक 2 वनडे में 55 रन व 33 टी20I मुकाबलों में 546 रन बना चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 3336 रन और 7 शतक दर्ज हैं। वे 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए हैं।
आज की इस खास सगाई में क्रिकेट और राजनीति के कई चर्चित चेहरे एक मंच पर नजर आएंगे, और ये रिश्ता आने वाले समय में चर्चाओं का केंद्र भी बना रहेगा।
Share this content:
