April 30, 2026

विराट कोहली के खिलाफ पुलिस में शिकायत, बेंगलुरु भगदड़ मामले में एक्शन की मांग

बेंगलुरु में आरसीबी की जीत का जश्न एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया, और अब इसकी आंच टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली तक पहुंच गई है। 4 जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 फैंस की जान चली गई थी और कई घायल हुए थे। इस त्रासदी को लेकर अब कोहली के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

आईपीएल 2025 फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर आरसीबी ने पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। जीत के अगले दिन, जब टीम ट्रॉफी के साथ बेंगलुरु लौटी, तो चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों फैंस उमड़ पड़े। भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत और करीब 50 लोग घायल हो गए। कर्नाटक सरकार ने इसकी जिम्मेदारी आरसीबी मैनेजमेंट, कर्नाटक क्रिकेट संघ और इवेंट कंपनी DNA पर डाली, और इनके खिलाफ FIR दर्ज कर 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

स्थानीय नागरिक एचएम वेंकटेश ने विराट कोहली के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की है। वेंकटेश ने कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है कि कोहली को भी इस आयोजन के प्रमोशन और भीड़ जुटाने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाए। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस शिकायत को पहले से दर्ज मामले के साथ जोड़ा जाएगा और उस पर विचार किया जाएगा।

अब तक आरसीबी के मार्केटिंग और रेवेन्यू ऑफिसर निखिल सोसाले, उनके सहयोगी सुमंत, DNA मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजर किरण और सहयोगी मैथ्यू को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सभी आरोपियों को बेंगलुरु की प्रपन्ना अग्रहरा जेल में रखा गया है।

इस केस में विराट कोहली का नाम जुड़ना बेहद संवेदनशील मामला बन गया है। पुलिस को अब यह तय करना है कि क्या कोहली की भूमिका इस हादसे में इतनी गंभीर थी कि उन्हें कानूनी तौर पर जिम्मेदार ठहराया जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!