इंग्लैंड में ध्रुव जुरेल की ‘हैट्रिक’, टेस्ट सीरीज़ से पहले लगातार तीन अर्धशतक जड़कर किया धमाका
IPL 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद अब इंडिया-ए के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल इंग्लैंड में भी अपने बल्ले से कहर बरपा रहे हैं। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ जारी अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज़ में जुरेल ने लगातार तीसरी बार अर्धशतक जड़कर चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट का ध्यान पूरी तरह खींच लिया है।
दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच की पहली पारी में ध्रुव जुरेल ने 87 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 52 रनों की सधी हुई पारी खेली। इस दौरान उन्होंने केएल राहुल (116 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 121 रनों की शानदार साझेदारी की। इससे पहले जुरेल ने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए थे—पहली पारी में 94 रन और दूसरी पारी में नाबाद 53 रन। इस तरह उन्होंने इंग्लैंड में लगातार तीन फिफ्टी लगाकर ‘अर्धशतकों की हैट्रिक’ पूरी कर ली है।
जुरेल की यह निरंतरता और इंग्लिश परिस्थितियों में खुद को ढालने की क्षमता उन्हें टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह दिला सकती है। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए उन्हें पहले ही भारत की मुख्य टीम में दूसरे विकेटकीपर के रूप में शामिल किया जा चुका है। लेकिन जिस आत्मविश्वास और लय के साथ वो रन बना रहे हैं, वह उन्हें मुख्य विकेटकीपर के तौर पर भी दावेदार बना रहा है।
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि जुरेल की मौजूदा फॉर्म IPL से ही जारी है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने IPL 2025 में 14 मैचों की 13 पारियों में 37 की औसत से 333 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे। भले ही उनकी टीम लीग चरण में ही बाहर हो गई थी, लेकिन जुरेल ने अपनी काबिलियत साबित कर दी थी।
अब इंग्लैंड में मिल रहे रन, इंग्लिश गेंदबाज़ों के खिलाफ उनकी सहजता और संयम, और दबाव के बीच ठहराव दिखाते हुए उन्होंने खुद को एक परिपक्व टेस्ट बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। अगर टेस्ट सीरीज़ में उन्हें अंतिम एकादश में मौका मिलता है, तो ध्रुव जुरेल भारतीय टीम के लिए गेमचेंजर साबित हो सकते हैं।
Share this content:
