April 30, 2026

हिना खान ने बताया क्यों नहीं गई विदेश कैंसर के इलाज के लिए, भारत में मिला भरोसा

स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं मशहूर टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने हाल ही में इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने अपना इलाज विदेश में नहीं बल्कि भारत में ही कराने का फैसला क्यों लिया। जबकि वह चाहतीं तो अपने शोहरत और संसाधनों के बल पर किसी भी देश में इलाज करा सकती थीं। लेकिन हिना ने भारत के मेडिकल सिस्टम पर भरोसा जताते हुए यहीं इलाज जारी रखा।

विदेश नहीं, भारत को चुना इलाज के लिए

एएनआई को दिए इंटरव्यू में हिना खान ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने दुनिया के बेहतरीन डॉक्टरों से सलाह ली, और सभी ने एक ही बात कही – भारत में उनके केस के लिए विश्वस्तरीय इलाज मौजूद है। उन्होंने बताया कि भारत के शीर्ष कैंसर एक्सपर्ट्स न केवल अंतरराष्ट्रीय मेडिकल नेटवर्क से जुड़े हैं, बल्कि भारत में भी आज वो सभी सुविधाएं और परामर्श मिलते हैं जो दुनिया के किसी भी विकसित देश में मिलते हैं।

टाटा अस्पताल पर जताया भरोसा

हिना ने विशेष रूप से टाटा मेमोरियल अस्पताल का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह न केवल भारत का बल्कि एशिया का अग्रणी कैंसर अस्पताल है, जो कई इंटरनेशनल प्रोटोकॉल्स का पालन करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंसर का इलाज एक फिक्स प्रोटोकॉल पर चलता है, जो दुनिया भर में लगभग एक जैसा होता है — चाहे वह अमेरिका हो, यूरोप हो या भारत।

भारत में भी हैं आधुनिक जांच सुविधाएं

हिना खान ने कहा कि भारत अब कैंसर डायग्नोस्टिक्स और ट्रीटमेंट में दुनिया से पीछे नहीं है। उन्होंने बताया कि लिक्विड बायोप्सी, जीनोमिक्स, ट्यूमर इनसाइट्स जैसे अत्याधुनिक टेस्ट भारत में भी संभव हैं। हिना का मानना है कि यहां के मेडिकल प्रोफेशनल्स जिस समर्पण और तकनीक से इलाज कर रहे हैं, वह उन्हें बाहर जाने की ज़रूरत ही महसूस नहीं होने देते।

फैंस का मिल रहा साथ

बीमारी से लड़ाई के इस कठिन दौर में हिना खान के लाखों फैंस सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं और शुभकामनाएं भेज रहे हैं। अपने लंबे समय के पार्टनर रॉकी जायसवाल से शादी कर चुकीं हिना अब निजी और पेशेवर ज़िंदगी की सबसे बड़ी चुनौती का डटकर सामना कर रही हैं। अपने अनुभव से वह यह भी साबित कर रही हैं कि अगर सिस्टम पर भरोसा हो, तो भारत में ही विश्वस्तरीय इलाज संभव है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!