April 30, 2026

कैंसर सर्जरी के बाद ICU से बाहर आईं दीपिका कक्कड़, शोएब इब्राहिम ने बताया कैसी है हालत

टीवी की मशहूर अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं। हाल ही में उनकी मुंबई के एक अस्पताल में 14 घंटे लंबी सर्जरी हुई, जिसके बाद अब वह आईसीयू से बाहर आ चुकी हैं और धीरे-धीरे रिकवरी कर रही हैं। दीपिका के पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने एक यूट्यूब व्लॉग के ज़रिए उनकी सेहत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।

शोएब ने बताया कि दीपिका को 3 जून को सुबह 8:30 बजे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया था और वह रात 11:30 बजे बाहर आईं। उन्होंने खुलासा किया कि यह अब तक का सबसे मुश्किल वक्त था क्योंकि इतनी लंबी सर्जरी से पहले परिवार ने कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था। शोएब ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर्स ने दीपिका की पित्ताशय की थैली (गॉलब्लैडर) भी निकाल दी क्योंकि उसमें पथरी पाई गई। साथ ही लीवर का एक छोटा हिस्सा भी काटना पड़ा, क्योंकि ट्यूमर कैंसरयुक्त था।

शोएब ने राहत की खबर देते हुए कहा कि दीपिका अब आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट हो चुकी हैं और उनकी हालत हर दिन सुधर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, लीवर एक ऐसा अंग है जो समय के साथ खुद को पुनर्स्थापित कर सकता है, इसलिए यह गंभीर जरूर है, लेकिन संभालने योग्य भी है। डॉक्टर्स की सतत निगरानी में वह अगले कुछ दिन अस्पताल में रहेंगी।

सर्जरी के बाद से दीपिका की सेवा खुद शोएब कर रहे हैं और परिवार भी उनके साथ है। उन्होंने बताया कि ईद से एक दिन पहले, यानी 6 जून को दीपिका ICU से बाहर आईं, जो उनके लिए एक शुभ संकेत है।

गौरतलब है कि दीपिका ने 28 मई को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बीमारी का खुलासा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि पेट दर्द के चलते अस्पताल जाने पर पता चला कि उनके लिवर में टेनिस बॉल के आकार का ट्यूमर है, जो स्टेज 2 कैंसर में बदल चुका है।

दीपिका की यह जंग कठिन जरूर है, लेकिन शोएब और उनका परिवार पूरी ताकत से उनके साथ खड़ा है। फैंस भी उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!