May 1, 2026

दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 जून से तीन महीने तक रद्द रहेंगी 114 उड़ानें, रनवे अपग्रेड के चलते लिया गया फैसला

अगर आप अगले कुछ महीनों में दिल्ली एयरपोर्ट से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 15 जून से 15 सितंबर तक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर कुल 114 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया जाएगा और 86 फ्लाइट्स को पीक ऑवर्स से हटाकर नॉन-पीक समय में रीशेड्यूल किया जाएगा। यह फैसला एयरपोर्ट के एक प्रमुख रनवे आरडब्ल्यू 10/28 के अपग्रेडेशन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

दिल्ली एयरपोर्ट के चार रनवे में से एक, RW 10/28 को आधुनिक तकनीकों से लैस करने के लिए बंद किया जा रहा है, जिसमें कैट-III मानकों के अनुरूप इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) का उन्नयन शामिल है। इस तकनीक के ज़रिये कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति में भी विमानों की लैंडिंग सुगमता से संभव होगी।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने जानकारी दी कि इस अपग्रेडेशन का कार्य मई में शुरू होना था, लेकिन एयरपोर्ट पर अधिक भीड़ होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह काम 15 जून से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद रनवे संचालन फिर से शुरू हो जाएगा, जबकि ILS सिस्टम का उन्नयन कार्य 27 नवंबर तक पूरा होगा।

इस पूरे अपग्रेड के चलते हवाई अड्डे पर कुल उड़ानों में औसतन 7.5 प्रतिशत की कटौती देखने को मिलेगी। हालांकि DIAL ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों को इन बदलावों की पूर्व जानकारी दी जा रही है ताकि उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि IGIA देश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम एयरपोर्ट है, जहां प्रतिदिन करीब 1,450 उड़ानों की आवाजाही होती है। रनवे के बंद रहने के दौरान टी1 और टी3 टर्मिनल से ही संचालन होगा, जबकि टी2 पहले से ही मेंटेनेंस के कारण बंद है।

DIAL का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा लंबे समय में यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हवाई सफर सुनिश्चित करेगी, विशेष रूप से सर्दियों के कोहरे में जब लैंडिंग और टेकऑफ में सबसे अधिक दिक्कतें आती हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!