April 30, 2026

देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले, केंद्र सरकार ने राज्यों को कड़े निर्देश दिए

देश में कोविड-19 संक्रमण फिर से बढ़ने लगा है। सक्रिय मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्वास्थ्य मंत्रालय और केंद्र सरकार सतर्क हो गई हैं। देश की जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्र ने राज्यों को आवश्यक स्वास्थ्य तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

कोरोना की मौजूदा स्थिति

4 जून 2025 तक देश में कुल 4,302 सक्रिय कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में 864 नए मामले सामने आए हैं। इस वर्ष अब तक कुल 44 मौतें हुई हैं, जिनमें अधिकांश मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। अच्छी खबर यह है कि ज्यादातर मरीज हल्के लक्षणों के साथ होम आइसोलेशन में ठीक हो रहे हैं।

केंद्र सरकार की तैयारी और दिशा-निर्देश

केंद्र सरकार ने राज्यों को ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। 2 जून को ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम की मॉक ड्रिल करवाई गई, जबकि 4 और 5 जून को अस्पताल स्तर पर आपातकालीन तैयारियों की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी ताकि किसी भी स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।

सर्विलांस और टेस्टिंग पर विशेष ध्यान

राज्य और जिला स्तर पर इंफ्लुएंजा जैसी बीमारियों (ILI) और गंभीर श्वसन संक्रमण (SARI) के मामलों की कड़ी निगरानी की जा रही है। सभी SARI मामलों और 5% ILI मामलों की टेस्टिंग के निर्देश जारी किए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए सैंपल्स को वायरस के नए वेरिएंट की पहचान के लिए ICMR की लैब में Whole Genome Sequencing के लिए भेजा जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय का लोगों से अपील

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जनता से आग्रह किया है कि वे नियमित रूप से हाथ धोएं, खांसते या छींकते समय मुंह ढकें और बीमार लगने पर भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें। अगर बुखार, खांसी या सांस लेने में समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही फेक न्यूज से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें।

देश में कोरोना की स्थिति पर केंद्र सरकार पूरी सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक कदम समय पर उठाए जा रहे हैं ताकि कोरोना संक्रमण को नियंत्रण में रखा जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!