लखनऊ में बड़ा हंगामा: भिखारी बच्चों को बचाने पहुंची टीम पर हमला, बच्चा चोर समझकर पीटा, महिला अफसर को दांत से काटा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरकारी रेस्क्यू टीम पर उस वक्त जानलेवा हमला हो गया, जब वह सड़क पर भीख मांग रहे बच्चों को बचाने के लिए पहुंची थी। घटना आशियाना थाना क्षेत्र के बंग्ला बाजार इलाके की है, जहां मिशन वात्सल्य के तहत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन इस नेक पहल को वहां मौजूद लोगों ने गलत समझ लिया और अचानक टीम पर हमला बोल दिया।
जानकारी के मुताबिक, टीम पकरी पुल के पास से बच्चों और महिलाओं को रेस्क्यू कर रही थी। इसी दौरान नट समाज से जुड़े कुछ लोगों ने बच्चा चोर का शोर मचा दिया, जिसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इसी भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया। कर्मचारी सूर्यकम चौरसिया को लाठियों से पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं महिला अधिकारी कंचन को भीड़ ने न सिर्फ गालियाँ दीं, बल्कि उसे दांत से काटा भी गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पूरी टीम को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह ऑपरेशन लखनऊ के जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा था, जिसका मकसद बाल भिक्षावृत्ति को रोकना और बच्चों को सुरक्षित वातावरण में पहुंचाना था।
घटना के बाद आशियाना थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने आरती, अवध राम और एक पीली पगड़ी पहने स्थानीय नेता को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर सरकारी कर्मचारियों की पिटाई, गाली-गलौज, और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
रेस्क्यू किए गए पांच बच्चों और महिलाओं को फिलहाल लोकबंधु अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की हिंसा से बाल सुरक्षा से जुड़े अभियानों को रोका नहीं जाएगा।
पुलिस ने वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच तेज कर दी है। कई आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जा सकती है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि समाज में जागरूकता की कमी के चलते कई बार सरकारी योजनाएं और अधिकारी अनावश्यक हिंसा का शिकार हो जाते हैं। प्रशासन अब ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए और भी सख्त रणनीति तैयार कर रहा है।
Share this content:
