हमीरपुर की रात… जब एक बुज़ुर्ग महिला भरोसे की लिफ्ट लेकर नरक में पहुंच गई” 65 साल की महिला से दरिंदगी, आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर ज़िले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक 65 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला को जब ज़रूरत थी मदद की, तो एक व्यक्ति ने उसे ‘लिफ्ट’ देने की पेशकश की। लेकिन ये लिफ्ट एक बुज़ुर्ग को घर नहीं, बल्कि वहशीपन के अंधेरे में ले गई।
घटना हमीरपुर के भोटा क्षेत्र के पास शनिवार रात की है। बुज़ुर्ग महिला जालंधर से अपने घर लौट रही थी। रात करीब 9 बजे वह भोटा बस अड्डे पर उतरी और आगे के सफर के लिए टैक्सी तलाशने लगी। लेकिन टैक्सी चालकों द्वारा बताए गए किराए को वह चुकाने में असमर्थ थी। तभी एक स्कूटर सवार व्यक्ति ने उसे लिफ्ट देने का ऑफर दिया और कहा कि वह भी उसी दिशा में जा रहा है। महिला ने सोचा कोई भला इंसान है और मदद ले ली।
मगर कुछ ही देर बाद महिला को एहसास हुआ कि वह एक दरिंदे के झांसे में आ चुकी है। आरोपी स्कूटर को तेज़ रफ्तार में चला रहा था। इस दौरान एक हल्की दुर्घटना भी हुई। जब महिला ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है। उसने वारदात से पहले महिला का मोबाइल फोन ‘फ्लाइट मोड’ पर डाल दिया ताकि वह किसी को संपर्क न कर सके, और फिर घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने कुछ स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह अपने बेटे से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई। सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपी को जंगल में छिपा हुआ पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह मामला इस बात की भयावह याद दिलाता है कि लिफ्ट के नाम पर भी अब भरोसे की जमीन नहीं बची है, और महिला सुरक्षा के नाम पर हम अभी कितने पीछे हैं।
Share this content:
