राजस्थान की लगातार हार के बाद कोच द्रविड़ ने तोड़ी चुप्पी, बोले—’220 रन का विकेट नहीं था’, गेंदबाज़ों को ठहराया ज़िम्मेदार!”
राजस्थान रॉयल्स की उम्मीदें इस आईपीएल सीज़न में जैसे-जैसे बुझती गईं, वैसे-वैसे सवाल उठने लगे—आखिर कहां चूक हुई? टीम के युवा बल्लेबाज़ों ने कई बार दम दिखाया, लेकिन जीत दूर ही रही। अब जब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी राजस्थान की टीम के पास सीज़न का सिर्फ एक आखिरी मैच बचा है, तब मुख्य कोच राहुल द्रविड़ सामने आए हैं और उन्होंने टीम की लगातार तीसरी हार पर बड़ी बातें कहीं हैं।
कोच ने युवा बल्लेबाज़ों पर जताया भरोसा, गेंदबाज़ों को बताया जिम्मेदार
पंजाब किंग्स के खिलाफ 18 मई को हुए मुकाबले में राजस्थान को 10 रन से हार झेलनी पड़ी, जो इस सीज़न में उनकी तीसरी लगातार हार रही। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में द्रविड़ ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस हार की सबसे बड़ी वजह गेंदबाज़ रहे जिन्होंने 15-20 रन ज़्यादा लुटा दिए। उन्होंने साफ किया कि यह पिच किसी भी तरह 220 रन की नहीं थी—195 से 200 रन तक का स्कोर ही पर्याप्त होता, लेकिन टीम ने अतिरिक्त रन दे दिए, जो अंत में भारी पड़े।
यशस्वी, ध्रुव, रियान और वैभव की तारीफ
राहुल द्रविड़ ने टीम के युवा बल्लेबाजों की सराहना करते हुए कहा कि वे भविष्य के बड़े सितारे बन सकते हैं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और वैभव सूर्यवंशी का ज़िक्र करते हुए कहा कि इन सभी ने मुश्किल परिस्थितियों में अच्छी बल्लेबाजी की और वे आने वाले साल में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बना सकते हैं। खासतौर पर वैभव और रियान को लेकर उन्होंने बताया कि ये खिलाड़ी भारत की अंडर-19 और इंडिया ए टीम के साथ सालभर व्यस्त रहेंगे, जिससे उन्हें और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा।
“हार के बावजूद टीम में है टैलेंट की भरमार”
द्रविड़ ने यह भी कहा कि टीम का यह सीजन निराशाजनक रहा, लेकिन यह भी ध्यान रखना होगा कि कई मैचों में राजस्थान आखिरी ओवर तक मुकाबले में बनी रही। उन्होंने माना कि कुछ मौकों पर बल्लेबाज़ी में मिडिल और लोअर ऑर्डर से जरूरी शॉट्स नहीं निकले, लेकिन गेंदबाज़ी की विफलता ने टीम को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाया।
अगले सीजन की तैयारी शुरू
हालांकि टीम के प्रदर्शन से निराश द्रविड़ का भरोसा अभी भी नहीं टूटा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और वह पूरी उम्मीद रखते हैं कि अगले सीज़न में टीम और मज़बूत होकर लौटेगी। उनका मानना है कि जब ये युवा खिलाड़ी अगले साल लौटेंगे, तो ज्यादा अनुभवी और आत्मविश्वासी होंगे, जिससे टीम की मजबूती में इजाफा होगा।
इस तरह राजस्थान रॉयल्स का यह सीजन भले ही अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा, लेकिन कोच राहुल द्रविड़ को अपने युवाओं पर भरोसा है। अब देखना यह होगा कि अगले आईपीएल में यह भरोसा टीम को कितनी ऊंचाई तक ले जाता है।v
Share this content:
