May 2, 2026

दिल्ली से पटना जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में AC खराब, यात्रियों को पसीने में भीगकर करनी पड़ी यात्रा

दिल्ली एयरपोर्ट से पटना के लिए रवाना होने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट में तकनीकी खामी के कारण यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। दरअसल, विमान के एयर कंडीशनिंग सिस्टम (AC) ने काम करना बंद कर दिया था, जिससे फ्लाइट में बैठने के दौरान यात्रियों को गर्मी और घुटन की स्थिति का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर इस पूरे घटनाक्रम को सामने लाया, जिसमें लोग पसीना पोंछते और गर्मी से बेहाल नजर आ रहे थे।

एअर इंडिया की यह फ्लाइट रविवार को दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन उसमें सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना एसी के विमान में बैठाया गया। गर्मी की मार झेल रहे यात्रियों में से कुछ की तबीयत भी बिगड़ गई। इस घटना के बाद एअर इंडिया की कार्यप्रणाली और यात्री सेवाओं को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।

यात्रियों का कहना है कि जब उन्होंने फ्लाइट क्रू से शिकायत की, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर अपनी हालत और विमान के अंदर के हालात दुनिया के सामने रखे। इस घटना से यात्रियों में नाराजगी और निराशा दोनों देखने को मिली।

यह मामला उन यात्रियों के लिए और अधिक पीड़ादायक रहा, जो पहले ही गर्मी के मौसम में यात्रा कर रहे थे और विमान में थोड़ी राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे। फिलहाल, एअर इंडिया की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यात्रियों की बढ़ती शिकायतों के बीच इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!