पंजाब से यूपी तक अवैध हथियारों का जाल, STF ने माफिया गिरोह के सदस्य को बागपत से किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में यूपी STF को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से पंजाब से पश्चिमी यूपी में अवैध असलहों की आपूर्ति कर रहे गिरोह के एक अहम सदस्य को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब STF को लगातार खुफिया सूचनाएं मिल रही थीं कि पंजाब से हथियारों की एक खेप पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भेजी जा रही है। STF मेरठ यूनिट ने इस नेटवर्क पर पैनी नजर बनाए रखी और आखिरकार सोमवार दोपहर करीब 3:10 बजे, टीम ने बागपत जिले के एक गांव से आरोपी विपिन कुमार को दबोच लिया।
गिरफ्तार किया गया आरोपी विपिन बागपत का निवासी है, जो अधिक मुनाफे के लालच में इस अवैध तस्करी गिरोह से जुड़ गया था। STF की पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले ही हथियारों के साथ गिरफ्तार किए जा चुके हैं और विपिन उनकी कड़ी के रूप में काम कर रहा था।
एसटीएफ की इस पूरी कार्रवाई को अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। STF अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपूर्ति स्रोतों का भी पता लगाने में जुटी है।
इस कामयाबी के बाद STF की सक्रियता और बढ़ गई है, और यूपी में हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए अभियान और तेज कर दिया गया है।
Share this content:
