April 21, 2026

इंग्लैंड की धरती पर जसप्रीत बुमराह बनते हैं विराट चुनौती—आंकड़े देख दंग रह जाएंगे आप

टीम इंडिया जब आगामी 20 जून से इंग्लैंड दौरे पर उतरेगी, तो एक नाम पर सबकी निगाहें टिके होंगी—जसप्रीत बुमराह। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाने वाले बुमराह का इंग्लैंड में टेस्ट रिकॉर्ड इतना प्रभावशाली है कि विरोधी खेमे तक में खलबली मच जाती है। और यही वजह है कि पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है।

इस दौरे से ही भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण का आगाज करेगा। टीम में कई बड़े बदलावों की उम्मीद की जा रही है, जिनमें सबसे अहम है नए टेस्ट कप्तान का ऐलान। इस रेस में फिलहाल दो नाम सबसे आगे हैं—शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह। जहां गिल को अभी खुद को टेस्ट क्रिकेट में पूरी तरह स्थापित करना बाकी है, वहीं बुमराह का अनुभव और विदेशी परिस्थितियों में उनका रिकॉर्ड उन्हें इस दौड़ में आगे खड़ा करता है।

जसप्रीत बुमराह न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में मौजूदा समय के सबसे खतरनाक और भरोसेमंद गेंदबाजों में शुमार हैं। इंग्लैंड की बात करें तो यहां उन्होंने अब तक 8 टेस्ट मैच खेले हैं और 15 पारियों में कुल 37 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका औसत 23.78 रहा है, जो किसी भी तेज़ गेंदबाज के लिए बेहद शानदार माना जाता है। बुमराह का इंग्लैंड में बेस्ट बॉलिंग फिगर 5 विकेट देकर 64 रन रहा है, और उन्होंने दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है।

इतना ही नहीं, इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में भी बुमराह की इकॉनमी महज़ 2.74 की रही है, जो उनकी सटीकता और नियंत्रण को दर्शाता है। इंग्लैंड के खिलाफ उनका ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड और भी शानदार है—14 मैचों में 60 विकेट और औसत सिर्फ 22.16 का।

इन आंकड़ों को देखकर साफ कहा जा सकता है कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभर सकते हैं। नई गेंद से स्विंग, पुरानी गेंद से रिवर्स और यॉर्कर की मारक क्षमता के साथ बुमराह वो हथियार हैं जो किसी भी परिस्थिति में मैच का रुख पलट सकते हैं। ऐसे में आने वाली टेस्ट सीरीज न सिर्फ भारत के लिए अहम होगी, बल्कि बुमराह के नेतृत्व कौशल और गेंदबाजी क्षमता की भी अग्निपरीक्षा बन सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!