April 22, 2026

पूर्वोत्तर की तक़दीर बदलने को तैयार! निवेश की आंधी से चमकने वाला है भारत का यह अनदेखा क्षेत्र

देश का वह हिस्सा जिसे अब तक विकास की मुख्यधारा से दूर समझा जाता था, अब निवेश की नई राजधानी बनने को तैयार है। जी हां, पूर्वोत्तर राज्यों में आर्थिक गतिविधियों की नई लहर दौड़ चुकी है और इसके संकेत अभी से मिलने लगे हैं। ‘राइजिंग नॉर्थ-ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट 2025’ से पहले ही 3 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश कमिटमेंट मिलना एक ऐतिहासिक संकेत है कि भारत के इस हिस्से में अब उद्योगों का नया केंद्र उभरने वाला है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को इस दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि पूर्वोत्तर भारत में 2.5 से 3 लाख करोड़ रुपये तक के नए निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि यह निवेश पूरी तरह से नया है और किसी पूर्व घोषित योजना का हिस्सा नहीं है।

यह घोषणा 23-24 मई 2025 को होने वाले ‘राइजिंग नॉर्थ-ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट’ के प्रीव्यू इवेंट के दौरान की गई। इस समिट का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। सम्मेलन का उद्देश्य पूर्वोत्तर राज्यों को औद्योगिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

सिंधिया ने बताया कि उनके मंत्रालय ने हाल ही में देशभर में 9 रोड शो आयोजित किए, जिनमें से सिर्फ इन कार्यक्रमों से ही 1.12 लाख करोड़ रुपये का निवेश कमिटमेंट मिला। इसके अलावा टाटा समूह, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आदित्य बिड़ला ग्रुप जैसे देश के बड़े औद्योगिक घरानों से अलग-अलग बैठकें की गईं।

खास बात यह है कि 6 बड़े कॉर्पोरेट हाउस और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी इस क्षेत्र में निवेश करने की योजना बना रहे हैं। माना जा रहा है कि इन प्रयासों के कारण इन्वेस्टर्स समिट के अंत तक कुल निवेश प्रस्तावों की संख्या और भी बढ़ सकती है।

पूर्वोत्तर के लिए क्यों अहम है यह निवेश?
यह निवेश केवल आर्थिक विकास नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव का संकेत भी है। इससे न सिर्फ रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे, बल्कि इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स, उद्योग और बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिलेगी। यह समिट पूर्वोत्तर को देश के औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान देने जा रही है।

अब सबकी निगाहें 23-24 मई को होने वाले उस शिखर सम्मेलन पर टिकी हैं, जहां भारत का यह ‘छिपा हुआ रत्न’ पहली बार निवेश की रोशनी में पूरी दुनिया के सामने दमकता नजर आएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!